छत्तीसगढ़: हाथी दांत के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, मृत हाथी के शव को दो टुकड़ों में काटा, फिर जमीन में दफना दिया..!
धमतरी । जिले के दुगली पुलिस ने हाथी के बच्चे की मौत मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से हाथी के दो दांत भी बरामद किया गया है। इसके साथ ही दफनाए गए शव के अवशेष भी पुलिस को मिले हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धारा 429, 201, 34 भादवि एवं वन अधिनियम की धारा 49, 51 के तहत कार्यवाही करते हुए न्यायिक रिमांड पर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पांच साल पुराना मामला
घटना दरअसल 2015 की है। ग्राम पंचायत भंडारवाडी के आश्रित ग्राम सिरकट्टा में चैनसिंह मरकाम ने अपने खेत के चारों तरफ बिजली तार का घेरा लगा रखा था। खेत में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से हाथी के बच्चे की मौत हो गई। आवाज सुनकर चैनसिंह मरकाम और उसके दो पुत्र रंजीत व संजीत मौके पर पहुंचे। तीनों ने घटना पर मिट्टी डालने के लिए हाथी के शव को कुल्हाड़ी से दो टुकड़ों में काटा और वहीं खेत पर दफना दिया। इसके 2 साल बाद तीनों ने गड्ढे को दोबारा खोदकर हाथी के 20-20 इंच के दो दांत खोदकर निकाल लिया।
पूछताछ में तीनों ने अपराध कबूल करते हुए पूरी कहानी पुलिस के सामने रखी है। आरोपियों की निशानदेही पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, वन विभाग एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में 2 नग हाथी दांत व घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जब्त किया गया।