जिला पंचायत सदस्य को जान से मारने की धमकी देना पड़ा महंगा...! धमकी देने वाले सभी सात आरोपियों को किया गया गिरफ्तार!!
जांजगीर-चाम्पा नवागढ़:- मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि यह घटना नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पेंड्री गांव की है जहां जिला पंचायत सदस्य गणेशराम साहू के घर घुसकर आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने पर पूर्व उपसरपंच व पंच समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।।
नवागढ़ टीआई विवेक पांडेय से मिली जानकारी के अनुसार जिला पंचायत सदस्य गणेशराम साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रविवार की रात 8 बजे, गांव के 7 लोग उनके घर पहुंचे और गांव में राजनीति करने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी दी और जब जिला पंचायत सदस्य ने ग्रामीणों को घर से बाहर चले जाने कहा तो वे बाहर निकलने पर डंडा से वार करने की बात कहने लगे. प्रार्थी द्वारा दिए उक्त लिखित रिपोर्ट पर पुलिस ने पूर्व उपसरपंच व पंच बाबूलाल पटेल, साहेब लाल पटेल, संजय पटेल, मनोज पटेल, इन्द्रसेन पटेल, मनहरण पटेल, चन्दराम यादव के खिलाफ आईपीसी की धारा 294, 506, 147, 458 के तहत जुर्म दर्ज कर इन 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद न्यायिक हिरासत में इन आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।।