चीन में फ्रोज़न फूड पैकेट पर मिला जीवित कोरोना!
चीन के क्विंगदाओ बंदरगाह शहर में आयातित फ्रोज़न समुद्री मछली के पैकेट की
बाहरी सतह पर जीवित कोरोना वायरस मिलने की पुष्टि हुई है। ‘चाइनीज सेंटर
फोर डिजीज कंट्रोल एडं प्रिवेंशन' (सीडीसी) ने शनिवार को एक बयान में बताया
कि दुनिया में यह पहला मौका है, जब फ्रोज़न फूड पैकेट की बाहरी सतह पर
जिंदा कोरोना वायरस मिला है। शहर में हाल ही में कोविड-19 मामलों का एक
‘क्लस्टर' सामने आया। प्रशासन ने अपने सभी करीब 1.1 करोड़ नागरिकों की जांच
करायी लेकिन कोई नया ऐसा ‘क्लस्टर' नहीं पाया गया।
जुलाई में चीन ने
फ्रोज़न झींगे के आयात पर अस्थायी रोक लगा दी थी, क्योंकि पैकेटों और कंटेनर
के अंदरूनी हिस्सों में यह घातक वायरस पाया गया था। सरकारी संवाद समिति
शिन्हुआ ने सीडीसी के बयान के हवाले से कहा कि शहर में हाल ही संक्रमण
सामने आने के बाद उसके स्रोत की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ। उससे यह
साबित हो गया कि जीवित कोरोना वायरस से संक्रमित डिब्बों के संपर्क में आने
से संक्रमण फैल सकता है। हालांकि बयान में यह नहीं बताया कि ये पैकेट किस
देश से आए थे।