अजब प्यार की गजब कहानी: पति की खुशी के लिए पत्नी ने दिया तलाक, गर्लफ्रेंड से करा दी शादी
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पति-पत्नी के रिश्ते को लेकर हाल ही में
एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. एक पत्नी ने पति की खुशी के लिए शादी के
तीन साल बाद पति को इसलिए तलाक दे दिया ताकि वह गर्लफ्रेंड से शादी कर
खुशी-खुशी अपना नया जीवन शुरू कर सके. इस तरह से पत्नी ने प्रेमिका से शादी
करने में पति की मदद की.
हालांकि, इस खबर में हैरानी की बात यह है कि पति अपनी पत्नी और गर्लफ्रेंड
दोनों से एक साथ संबंध बनाए रखना चाहता था, लेकिन भारतीय कानून में इसकी
इजाजत नहीं है, जिसके बाद पत्नी ने पति की खुशी के लिए बड़ा कदम उठाते हुए
अपने पति की उसकी गर्लफ्रेंड से ही शादी करवा दी.
महिला की वकील ने एएनआई को बताया कि पति दोनों महिलाओं से संबंध बनाए रखना चाहता था, जो की कानूनी तौर पर संभव नही था. उसकी पत्नी काफी समझदार थी, उसने अपने पति की मदद करने के लिए उसको तलाक दे दिया और उसकी प्रमिका से शादी करने में मदद की.
महिला की वकील ने बताया कि महिला के पति का दिल शादी के तीन साल बाद भी अपनी पुरानी गर्लफ्रेंड से लगा रहा है, ऐसे में महिला पति को उदास नहीं देख सकती थी. उसने अपने पति को तलाक दे दिया ताकि वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ शादी कर अपनी जिंदगी को खुशहाल तरीके से जी सके.
वकील ने बताया कि इस तरह का एक मामला भोपाल में साल 2019 में भी सामने आया था, जहां पर सात साल से एक विवाहित महिला ने पति को तलाक दे दिया था, ताकि वह अपने प्रेमी के साथ अपना नया जीवन शुरू कर सके. उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में इस तरह के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं.