news-details

शादी के दिन गर्लफ्रेंड के साथ भाग गया दूल्हा, दुल्हन ने कर ली बाराती से शादी

नवीन की गर्लफ्रेंड ने उसकी शादी तोड़ने और समारोह में आए मेहमानों के सामने ही जहर पीने की धमकी दी थी। इससे डरकर नवीन गर्लफ्रेंड के साथ तुमाकुरु भाग निकला।

कर्नाटक के चिकमगलुरु जिले से शादी टूटने की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां शादी के दिन ही दूल्हा चुपचाप अपनी प्रेमिका के साथ समारोह से भाग निकला। इसके बाद दुल्हन ने शादी में आए एक बाराती से ही शादी कर ली। अब इस घटना के बाद दूल्हा और दुल्हन दोनों के परिवारवाले सकते में हैं। बताया गया है कि यह घटना चिकमगलुरु जिले की तरिकेरे तालुका की है। यहां रहने वाले दो भाई अशोक और नवीन की रविवार को शादी होनी थी। नवीन ने अपनी होने वाली पत्नी सिंधु के साथ शादी से पहले के सारे अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। 

हालांकि, शादी के दिन ही नवीन अचानक गायब हो गया। बाद में सामने आया कि नवीन की गर्लफ्रेंड ने उसकी शादी तोड़ने और समारोह में आए मेहमानों के सामने ही जहर पीने की धमकी दी थी। इससे डरकर नवीन गर्लफ्रेंड के साथ तुमाकुरु भाग निकला। एक स्थानीय अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, शादी के दिन नवीन के भाई अशोक की तो शादी हो गई, पर सिंधु का परिवार सकते में आ गया। इसके बाद सिंधु ने समारोहस्थल पर ही शादी करने का फैसला किया और वेडिंग हॉल में ही लड़के की खोज शुरू कर दी। मजेदार बात यह है कि लड़की के परिवार ने उसके लिए चंद्रप्पा नाम के एक लड़के को चुन लिया। 

बताया गया है कि वह BMTC में कंडक्टर था और वह सिंधु से शादी के लिए तैयार हो गया। बताया गया है कि चंद्रप्पा शादी के दिन पूरे घटनाक्रम के चश्मदीदों में से था और उसने दोनों परिवारों की रजामंदी से ही शादी का प्रस्ताव रखा। सिंधु के पसंद करने के बाद उसने समारोह स्थल पर ही शादी कर ली।

बता दें कि इससे पहले 2019 में मध्य प्रदेश में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। यहां के सिरोंज शहर में एक दुल्हन शादी के दो हफ्ते बाद ही पूजा कराने वाले पुजारी के साथ भाग निकली थी। इस दौरान दुल्हन ने घर से 1.5 लाख रुपए और तीस हजार रुपए कैश भी गायब कर दिए थे। जांच में सामने आया था कि पुजारी और दुल्हन करीब दो साल से साथ थे।




अन्य सम्बंधित खबरें