news-details

इंग्लैंड ने रचा इतिहास भारत को 227 रन से हराया, अब तक की सबसे बड़ी जीत

इंग्लैंड ने चेन्नई टेस्ट में टीम इंडिया को 227 रन से हरा दिया है। उसकी भारतीय जमीन पर रन के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले इंग्लैंड ने भारत को उसी के घर में 212 रन से 2006 मुंबई में हराया था।

साथ ही टीम इंडिया की चेन्नई के चेपक स्टेडियम में 22 साल बाद टेस्ट में पहली हार है। भारत को यहां पिछली बार जनवरी 1999 में पाकिस्तान के हाथों 12 रन से हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद टीम इंडिया यहां आठ टेस्ट मैच खेल चुकी है। इनमें पांच में भारत को जीत मिली और तीन ड्रॉ रहे हैं।

420 रन के टारगेट के जवाब में भारत ने 192 रन बनाए

इंग्लैंड ने पहली पारी में 578 और दूसरी पारी में 178 रन बनाए थे। जबकि, टीम इंडिया ने पहली पारी में 337 रन बनाए थे। इस लिहाज से उसे जीत के लिए 420 रन का टारगेट मिला था, जिसे टीम इंडिया हासिल नहीं कर सकी और दूसरी पारी में 192 रन पर सिमट गई।

चेन्नई में भी इंग्लैंड की सबसे बड़ी जीत

इंग्लैंड की रन के लिहाज से चेन्नई में भी अपनी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 1934 में टीम इंडिया को 202 रन से हराया था। इंग्लिश टीम चेन्नई में खेले गए 1977 के टेस्ट में भारत को 200 रन से भी हरा चुका है। ओवरऑल भारत अपने घर में रन के लिहाज से 342 रन से हार चुका है। उसे 2004 के नागपुर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने हराया था।

दूसरी पारी में टीम इंडिया की खराब शुरुआत

420 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 25 रन पर पहला विकेट गंवा दिया था। ओपनर रोहित शर्मा 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद टीम ने 117 रन तक 6 विकेट गंवा दिए। चेतेश्वर पुजारा (15 रन), शुभमन गिल (50 रन) और ऋषभ पंत (11 रन) बनाकर पवेलियन लौट गए। जबकि अजिंक्य रहाणे और वॉशिंगटन सुंदर खाता भी नहीं खोल सके।

इसके बाद कप्तान विराट कोहली (72) ने रविचंद्रन अश्विन के साथ 7वें विकेट के लिए 105 बॉल पर 54 रन की पार्टनरशिप कर पारी को संभालने की कोशिश की। हालांकि, अश्विन और फिर कोहली दोनों ही पवेलियन लौट गए।

जैक लीच ने भारत को 4 झटके दिए

स्पिनर जैक लीच ने भारतीय टीम के 4 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन (9) को विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच आउट कराया। अश्विन ने कोहली के साथ 7वें विकेट के लिए 54 रन की पार्टनरशिप की। लीच ने रोहित शर्मा (12 रन) और चेतेश्वर पुजारा (15 रन) को भी पवेलियन भेजा। शाहबाज नदीम को उन्होंने खाता भी नहीं खोलने दिया।

भारत ने पहली पारी में 337 रन बनाए

पहली पारी में टीम इंडिया ने 44 रन तक भारत ने अपने दोनों ओपनर गंवा दिए। रोहित शर्मा 6 रन और शुभमन गिल 29 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान विराट कोहली (11 रन) और उपकप्तान अजिंक्य रहाणे (1 रन) भी कुछ खास नहीं कर सके। इसके बाद पंत और पुजारा ने पांचवें विकेट के लिए 145 बॉल पर 119 रन की पार्टनरशिप कर भारतीय पारी को संभाला।

इसके बाद सुंदर और अश्विन के बीच सातवें विकेट के लिए 80 रन की पार्टनरशिप हुई। इसकी बदौलत भारत 337 के स्कोर तक पहुंच सका। भारत के लिए पंत ने सबसे ज्यादा 91 रन बनाए। वहीं, सुंदर 85 रन बनाकर नॉटआउट रहे। पुजारा 73 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड की ओर से डॉम बेस ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। वहीं, लीच, एंडरसन और जोफ्रा आर्चर को 2-2 विकेट मिले।




अन्य सम्बंधित खबरें