विडियो : मॉर्निंग वॉक पर निकले लड़को को पुसअप करने की मिली सजा, बालको पुलिस ने दी यूनिक पनिशमेंट
कोरबा। अगर आप सोच रहे होंगे कि मॉर्निंग वॉक के नाम पर कोविड-19 के गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाएंगे और पुलिस नरमी बरतेगी तो सावधान हो जाइए। सुबह घर से बाहर निकलकर ब्यायाम करने वालो पर भी पुलिस की पैनी नजर है। बालको पुलिस ने एक्सरसाइज करने के नामपर नियम तोड़ने वालों को अनूठे अंदाज में सबक सिखाया। लापरवाह युवकों को सड़क पर ही पुसअप कराया गया। पुलिस ने चेतावनी दी है कि आगे अगर ऐसी लापरवाही सामने आई तो बख्शा नही जाएगा।
कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए पुलिस और प्रशासन हर सम्भव प्रयास कर रहा है। चाहे कोविड नियमो के प्रति लोगो को नरमी से समझाइस देना हो या फिर कानूनी कार्रवाई कर सख्ती बरतने की बात हो। नियमो का मखौल उड़ाने वालो को लज्जित करने के लिए सड़क पर ही उठक- बैठक और मुर्गा बनाने का सिलसिला भी जारी है। बावजूद इसके लोग है कि अपनी हरकतों से बाज आने का नाम नही ले रहे है। अब मॉर्निंग वॉक करने के नाम पर कोविड नियमो की धज्जियां उड़ाई जा रही है। बालको के आवासीय परिसर की भीतरी सड़को पर सुबह के वक्त लोगो के चहलकदमी की सूचना मिल रही थी। मंगलवार की तड़के बालको पुलिस मॉर्निंग पेट्रोलिंग पर निकली। स्टेडियम, होस्टल रोड व केसलपुर मार्ग पर पुलिस टीम ने बेवजह घूमने वालो की क्लास ली। सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी कर फिट रहने के लिए वॉक करने की बात करने वाले कुछ युवकों को पुलिस ने उनके ही अंदाज में सबक सिखाया। लड़को को पुसअप करने की सजा सुनाई गई। मगर युवक 10 बार भी पुसअप करने में नाकाम रहे। एएसआई जितेंद्र यादव ने उन्हें समझाइस देकर छोड़ दिया।
मॉर्निंग वॉक के दौरान पुलिस की कार्रवाई
---------------
ये पहला मौका है जब मॉर्निंग वॉक के दौरान पुलिस ने लोगो को सबक सिखाया है। दरअसल बालको ही नही बल्कि शहर के विभिन्न इलाके में भी सुबह के वक्त लोग बेखौफ़ होकर सड़क पर घूमते है। मॉर्निंग वॉक के नाम पर कोविड नियमो की धज्जियां उड़ाई जाती है। मगर बालको पुलिस की इस कार्रवाई से सुबह घूमने निकलने वालो में हड़कम्प मच गया है।
फल दुकान संचालक पर कार्रवाई
---------------
नियमो को ताक में रखकर फल की दुकान लगाने वाले एक ब्यवसायी पर पुलिस ने कार्रवाई की है। कलेक्टर के आदेश के अनुसार सब्जी और फल व्यवसायियों को डोर-डोर घूमकर बिक्री करने की छूट मिली है। वही बालको निवासी फल ब्यवसायी अर्जुन सिंह नियमो को अनदेखी करते हुए मिनीमाता चौक के समीप ठेला लगाकर फल विक्रय करते पकड़ा गया। पुलिस ने 500 रुपये की जुर्माना कार्रवाई भी की है।
लॉकडाउन में लापरवाही बर्दाश्त नही
-------------
लॉकडाउन का पालन कराने के लिए कोरबा पुलिस कोई कसर नही छोड़ रही है। जिले के कमोबेस हर चौक चौराहों पर चेक पॉइंट बनाया गया है जहां जवानों की तैनाती है। जो बेवजह बाहर घूमने वालो पर कार्रवाई करते है। बालको पुलिस भी इलाके में लगातार मोनिटरिंग कर रही है। परसाभाठा, स्टेडियम, चेकपोस्ट पर चेक पॉइंट बनाया गया है। इसके अलावा पुलिस की टीम क्षेत्र में नियमित गस्ती कर रही है।