कांकेर : खेतों में फसल को चौपट कर हाथियों ने पहुँचाया नुकसान... - CG Sandesh

कांकेर : खेतों में फसल को चौपट कर हाथियों ने पहुँचाया नुकसान, बाल-बाल बचे मौजूद लोग

करीब 5 दिनों से डौंडी रेंज में आए हाथियों का दल शनिवार रात एक बार फिर से भानुप्रतापपुर वन परिक्षेत्र में घुस आया. हाथियों के इस दल ने शनिवार व रविवार की दरमियानी रात ग्राम साल्हे में खूब उत्पात मचाया. जहाँ के दो किसानों की फसल को चौपट कर दिया. वहीँ मौजूद लोग हाथियों के हमले से बाल-बाल बच गए.

प्राप्त जानकारी के अनुसार भानुप्रतापपुर के ग्राम साल्हे में तुलाराम गोटी के खेत में लगी उड़द की खड़ी फसल तथा साथ ही काटी गई फसल को हाथियों के दल ने खाकर नुकसान किया. इसके बाद अशोक कुमार जैन के फार्म में नारियल व केले के पेड़ों को तोड़ दिया.

हाथियों ने 16 नारियल के बड़े-बड़े पेड़ गिरा दिए,  केले के लगभग 50 पेड़ पूरी तरह तबाह कर दिए। वहीं आम के 10 पेड़ों को भी काफी नुकसान पहुंचाया. आम की तैयार फसल हाथियों का यह दल पूरी तरह चट कर गया. इसके अलावा खेत में लगी उड़द की फसल को हाथियों के दल ने रौंद दिया. जबकि कटाई कर रखी गई उड़द की फसल को पूरी तरह खा गए.

बताया गया कि हाथी दल के साथ दो बच्चे भी थे. वही वन विभाग की ओर से इन किसानों के नुकसान का जायजा लिया गया है ताकि उन्हें मुआवजा प्रदान किया जा सके.

विदित हो कि हाथियों का यह दल भानुप्रतापपुर क्षेत्र में लगभग एक वर्ष पूर्व आया था और उसके बाद से कांकेर जिले, धमतरी जिले व बालोद जिले के वन क्षेत्रों में ही भ्रमण कर रहा है। पिछले साल भी ग्राम साल्हे व इरागांव में इस हाथी दल ने तीन से चार बार प्रवेश कर काफी नुकसान किया था.


अन्य सम्बंधित खबरें