उत्तरपुस्तिका में अलग-अलग हैंडराइटिंग मिली तो बनेगा नकल प्रक... - CG Sandesh

उत्तरपुस्तिका में अलग-अलग हैंडराइटिंग मिली तो बनेगा नकल प्रकरण.

कोरोना महामारी के चलते एक बार फिर इस वर्ष भी परीक्षार्थियों को घर पर ही उत्तर पुस्तिका तैयार कर कालेज में जमा करनी है. लेकिन इस वर्ष विश्वविद्यालय द्वारा नियमों में बदलाव किया गया है. घर पर तैयार की गई उत्तर पुस्तिका में यदि अलग-अलग हैंडराइटिंग पाई जाती है, तो परीक्षार्थी के खिलाफ नकल प्रकरण का मामला बनाया जाएगा. साथ ही कालेज से उत्तर पुस्तिका प्राप्त करने के बाद उसे वापस कालेज में जमा नहीं करना भी अब परीक्षार्थियों को भारी पड़ सकता है. ऐसे परीक्षार्थियों के खिलाफ भी नकल प्रकरण तैयार करने के निर्देश विश्वविद्यालय द्वारा दिए गए हैं.

आपको बता दें कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी परीक्षार्थियों को घर से ही उत्तर पुस्तिका तैयार कर कालेजों में जमा करना होगा, जिसके मूल्यांकन के आधार पर परीक्षा परिणाम तैयार किए जाएंगे. पिछले वर्ष भी इसी प्रकार परीक्षा आयोजित की गई थी. लेकिन पिछले वर्ष उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में ऐसे मामले भी देखने को मिले थे, जिसमें एक ही उत्तर पुस्तिका में अलग-अलग हैंड राइटिंग भी मिली थी. जिसे देखते हुए इस वर्ष शहीद महेंद्र कर्मा विश्व विद्यालय बस्तर द्वारा नियमों में बदलाव किया गया है. अब किसी उत्तर पुस्तिका में अलग-अलग हैंड राइटिंग मिलने पर परीक्षार्थी के खिलाफ नकल प्रकरण तैयार हो सकता है.

शासकीय भानुप्रतापदेव पीजी कालेज के प्रभारी प्राचार्य डा केआर ध्रुव ने कोरोना काल में संक्रमण न फैले इस बात को ध्यान में रखते हुए परीक्षार्थियों को घर पर उत्तर पुस्तिका तैयार करने की सुविधा दी गई है, लेकिन उत्तर पुस्तिका परीक्षार्थियों द्वारा स्वयं तैयार की जानी है. यदि उनके द्वारा किसी दूसरे से उत्तर लिखवाया जाता है और उत्तर पुस्तिका में अलग-अलग हैंड राइटिंग मिलते हैं, तो विश्व विद्यालय ने ऐसे मामलों में नकल प्रकरण दर्ज करने का निर्देश दिया है. साथ ही महाविद्यालय द्वारा वितरण की गई उत्तर पुस्तिका को यदि कोई परीक्षार्थी जमा नहीं करता तो उस पर नकल प्रकरण तैयार किये जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं.  उन्होंने कहा कि महाविद्यालय द्वारा दी जाने वाली उत्तर पुस्तिका परीक्षा संबंधी गोपनीय सामग्री है, जिसे परीक्षार्थियों द्वारा अनिवार्य रूप से वापस जमा किया जाना है.


अन्य सम्बंधित खबरें