छत्तीसगढ़ : एसडीओ व चौकीदार के मध्य हुए विवाद के बाद पुलिस पहुंची तो चौकीदार ने पिया जहर, हुई मौत.. चौकीदार के पुत्रों ने लगाया आरोप एसडीओ के द्वारा की गई थी मारपीट
लोक स्वास्थ यांत्रिकी विभाग में कार्यरत एसडीओ व चौकीदार के बीच हुए विवाद के बाद अधिकारी द्वारा मामले की शिकायत पुलिस थाने में की गई. शिकायत पर पुलिस जब चौकीदार के घर पहुंची, तो चौकीदार ने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया.
इसके बाद गंभीर हालत में चौकीदार को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया. जहां उसका उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
चौकीदार के पुत्रों का आरोप है कि एसडीओ के द्वारा उनके पिता के साथ मारपीट की गई थी और पुलिस में शिकायत की धमकी भी दी गई थी, जिससे उनके पिता परेशान थे और पुलिस को घर पहुंचा देकर उन्होंने जहर सेवन कर लिया था. दूसरी ओर एसडीओ ने सभी आरोपों को गलत बताते हुए मारपीट व गाली गलौच की बात से इंकार किया है.
इस बात पर हुआ था विवाद
दरअसल शहर के श्रीराम नगर निवासी जीवराखन साहू (52) पीएचई कार्यालय में पदस्थ थे. जिनके घर पिछले चार दिनों के टाइम नल में पानी सप्लाई नहीं हो रही थी. पानी सप्लाई नहीं होने पर बुधवार को जीवराखन साहू ने कार्यालय पहुंचकर एसडीओ जगदीश प्रसाद से इसकी शिकायत की और पानी सप्लाई बाधित होने की बात कही. इस बीच दोनों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई. जिसके बाद जीवराखन साहू वापस अपने घर लौट गया.
जीवराखन साहू के पुत्र अमन साहू का कहना है कि कार्यालय से घर आने के बाद उनके पिता ने बताया कि एसडीओ ने उसने साथ गाली गलौज कर मारपीट की. जिसके बाद मेरे पिता के साथ मैं और मेरा छोटा भाई पीएचई कार्यालय पहुंचे और एसडीओ से मारपीट करने का कारण पूछा, जिस पर एसडीओ द्वारा पुलिस की शिकायत करने की बात कही. जिसपर हम घर लौट गए.
अमन साहू ने आगे बताया कि इसके कुछ देर बाद पुलिस के जवान हमारे घर पहुंचे और मेरे पिता को पुलिस थाना चलने को कहा. जिसपर पिताजी ने अंदर जाकर कीटनाशक पी लिया. तो उन्हें तत्काल पुलिसकर्मियों के सहयोग से जिला अस्पताल ले जाया गया. जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मामले में पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।