नहीं लगवाई वैक्सीन, तो दुकान कर दी जाएगी सील, पंचायत के फैसल... - CG Sandesh

नहीं लगवाई वैक्सीन, तो दुकान कर दी जाएगी सील, पंचायत के फैसले की जिलाधिकारी ने की तारीफ

कोरोना वैक्सीनेशन के प्रति जागरुकता फैलाने के लिए सरकार के स्तर पर कई प्रयास किए जा रहे हैं. इस बीच छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की एक ग्राम पंचायत ने ऐसा फैसला किया है, जिसकी जिलाधिकारी तक ने तारीफ की है. दरअसल इस गांव की पंचायत ने फरमान निकाला है कि अगर किसी दुकानदार ने वैक्सीन नहीं लगवाई तो उसकी दुकान सील कर दी जाएगी. पंचायत के इस फरमान का असर है कि लोग लाइनों में लगकर टीका लगवा रहे हैं.

संबलपुर पंचायत का फरमान

कांकेर जिले की संबलपुर पंचायत ने उक्त फरमान दिया है. इस फरमान के मुताबिक गांव में उसी व्यापारी को दुकान खोलने की इजाजत होगी, जिसने स्वयं और अपनी दुकान के सभी स्टाफ का टीकाकरण करा दिया हो. जिन व्यापारियों ने वैक्सीन नहीं लगवाई है, उन्हें दुकानें खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी. गांव में जो साप्ताहिक बाजार लगता है, उसके दुकानदारों पर भी यह नियम लागू होता है. यदि दुकानदार लापरवाही बरतते हैं तो उन पर 100 रुपए का जुर्माना लगाया जाता है. वहीं जब इसके बाद भी दुकानदान नहीं मानते हैं तो उनकी दुकान बंद करा दी जाती है.

संबलपुर ग्राम पंचायत की इस पहल की खूब तारीफ हो रही है. वहीं लोग भी इसमें सहयोग कर रहे हैं. जिसके चलते गांव में तेजी से टीकाकरण हो रहा है. वहीं कांकेर के डीएम चंदन कुमार ने भी संबलपुर ग्राम पंचायत की इस सराहनीय पहल की तारीफ की है और जिले के अन्य गांवों को भी संबलपुर से सीख लेने की नसीहत दी है.


अन्य सम्बंधित खबरें