प्रभारी मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया ने ली समीक्षा बैठक - CG Sandesh

प्रभारी मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया ने ली समीक्षा बैठक

प्रभारी मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया ने आज अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी निर्माण कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि गौठानों में जो भी कार्य स्वीकृत किये गये हैं उन्हें भी शीघ्र पूरा किया जावे। गौठानों में कार्यरत महिला स्व-सहायता समूह जो कार्य नहीं कर रहें हैं, उन्हें बदलकर नया समूह का चयन करने के निर्देश देते हुए कहा कि नया समूह उत्साहपूर्वक कार्य करेंगे। स्वामी आत्मानंद योजना अतंर्गत अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का संचालन बेहतर ढंग से करने के लिए भी उनके द्वारा निर्देशित किया गया तथा कहा कि स्कूल प्रांरभ होने के पहले आश्रम-छात्रावास भवनों की मरम्मत कर लिया जावे। प्रभारी मंत्री ने कांकेर में शुरू होने वाले मेडिकल काॅलेज के संबंध में भी जानकारी ली जिस पर कलेक्टर चन्दन कुमार ने उन्हें बताया कि इसके लिए चारामा विकासखण्ड के ग्राम तेलगरा में स्थल का चयन कर लिया गया है तथा अन्य कार्यवाही की जा रही है।

प्रभारी मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया ने कोरोना महामारी से निपटने  के लिए जिले के अधिकारी कर्मचारियों द्वारा किये गये कार्यों की तारीफ करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें और उनका निराकरण नियमानुसार किया जावे। उन्होंने पहुंचविहिन क्षेत्रों में खाद्यान्न का भण्डारण, राशन वितरण सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण विभाग इत्यादि विभागों से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा किया एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

 कलेक्टर चन्दन कुमार ने उन्हें आश्वस्त किया कि जिले के अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शासकीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन करेंगे। बैठक में संसदीय सचिव एवं कांकेर विधायक शिशुपाल शोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमंत धु्रव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डा. संजय कन्नौजे, वनमण्डलाधिकारी अरविंद पीएम, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य सम्बंधित खबरें