जिले में चलाया जा रहा कुष्ठमुक्त अभियान - CG Sandesh

जिले में चलाया जा रहा कुष्ठमुक्त अभियान

कुष्ठमुक्त ग्राम, कुष्ठमुक्त भारत के लक्ष्य को लेकर कांकेर जिले में जून से नवम्बर 6 माह तक सक्रिय कुष्ठ जाॅच-खोज एवं नियमित निगरानी अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत् जिले में प्रत्येक सप्ताह के दो दिन-सोमवार एवं गुरूवार को खोजी दल द्वारा घर-घर जाकर परिवार के सभी सदस्यों की जाॅच एवं पंजीयन किया जा रहा है। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर चंदन कुमार द्वारा जिला स्तरीय समन्वयक कमेटी एवं विकासखण्ड स्तरीय समन्वयक कमेटी का गठन किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. जेएल उइके के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है। 

इस अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए गांवों में कोटवार द्वारा मुनादी की जा रही है, इसके अतिरिक्त बेनर, पोस्टर पाॅम्पलेट, माईकिंग इत्यादि के द्वारा अभियान का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. जे.एल. उईके ने जिलावासियों से अनुरोध किया है कि खोजी दल जब आपके घर में पहुंचे तो परिवार के सभी सदस्यों की जाॅच करायें, कोई भी सदस्य जाॅच से न छूटे। उन्होंने कहा कि खोजी दल में मितानिन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता पुरूष एवं महिला, वाॅलेंटियर को शामिल किया गया है। परिवार के महिला सदस्यों की जाॅच महिला द्वारा तथा पुरूष सदस्य की जाॅच पुरूष कर्मचारी के द्वारा किया जा रहा है। खोजी दल द्वारा सर्वेक्षण में घरेलू स्क्रीनिंग के दौरान खोजे गये संभावित कुष्ठ रोगियों को सत्यापन हेतु रेफरल स्लिप भरकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को रेफर किया जा रहा है, जहाॅ चिकित्सक सत्यापन के बाद एमडीटी की दवाई दे रहे हैं, जो कुष्ठ की शर्तिया ईलाज है।

कुष्ठ रोग के संबंध में जानकारी देते हुए जिला कुष्ठ अधिकारी डाॅ सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि यह माईक्रो बैक्टिरियम लेप्री नामक जीवाणु के कारण होता है। कुष्ठ रोग का प्रारंभिक लक्षण-शरीर के चमड़ी पर चमड़ी के रंग से अलग हल्का फीका, लेलिया-तामिया ,सुन्नपन-सूखापन, दाग-धब्बे तथा चेहरे एवं कानों में दाना, गठान, हाथ-पैर के तंत्रिकाओं में मोटापन-सुन्नपन व झुनझुनी इत्यादि का होना है, इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई दे तो अनिवार्य रूप से जाॅच कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुष्ठ के प्रारंभिक लक्षण दिखते ही शीघ्र उपचार से शरीर में विकृति नहीं आती और एमडीटी की शर्तिया ईलाज से ठीक हो जाता है। जिले के सभी शासकीय अस्पतालों में कुष्ठ रोग का जाॅच एवं उपचार बिल्कुल मुफ्त है।


अन्य सम्बंधित खबरें