कलेक्टर ने किया ग्रामीण सचिवालयों का आकस्मिक निरीक्षण, लोगों ने ताली बजाकर किया स्वागत
प्रत्येक सप्ताह ग्रामीण सचिवालय आयोजित करने के दिये निर्देश
भैंसाकन्हार (डू) के हाईस्कूल का बनेगा भवन, नदियापारा में बनेगी सीसी रोड
जिले के ग्रामीण सचिवालय अब सक्रिय हो गये हैं। ग्रामीण सचिवालयों में स्थानीय निवासी अपनी छोटी-मोटी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर रहे हैं, जिसका यथोचित निराकरण भी किया जा रहा है। कलेक्टर चन्दन कुमार ने जिले के सभी एसडीएम एवं जनपद सीईओ को ग्रामीण सचिवालय का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही जिला अधिकारियों को ग्रामीण सचिवालय में मैदानी कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है, जिसका असर देखने को भी मिल रहा है। कलेक्टर चन्दन कुमार ने आज स्वयं कांकेर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत धनेलीकन्हार और भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के भैंसाकन्हार (डू) के ग्राम पंचायत भवन में आयोजित ग्रामीण सचिवालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिये तथा सरपंचों को प्रत्येक सप्ताह ग्रामीण सचिवालय आयोजित कर शासन की योजनाओं से ग्रामीणों को लाभान्वित करने के लिए समझाईश दी। उनके द्वारा धनेलीकन्हार के ग्रामीण सचिवालय का आकस्मिक निरीक्षण के समय बहुत से ग्रामीण सचिवालय में मौजूद थे, कलेक्टर को अपने बीच पाकर वे बहुत खुश हुए और उन्होंने ताली बजाकर उनका स्वागत किया। वरिष्ठ नागरिक सुकालराम फरिदिया और हीरामन चुरेन्द्र ने गदगद होते हुए कहा कि साहब के आने से हमें बहुत अच्छा लगा है, साहब द्वारा हमारे पेंशन संबंधी समस्या को सुनी गई और उसका तत्काल निराकरण के निर्देश भी दिये गये। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें विगत माह से सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि नहीं मिली, तब जनपद सीईओ डाॅ. कल्पना धु्रव ने उन्हें बताया कि उनके खाते में पेंशन की राशि डाल दी गई है।
कलेक्टर ने उनके खाते की राशि की जांच करने के लिए निर्देशित किया तथा ग्रामीण सचिवालय में उपस्थित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को गांव के किसानों को शासकीय येाजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिये। आरईओ ने बताया कि गांव के 17 किसानों द्वारा परम्परागत धान की खेती के बदले सुगंधित धान की खेती करने के लिए सहमति दी गई है। कलेक्टर द्वारा अविवादित नामांतरण, बंटवारा के प्रकरणों को ग्रामीण सचिवालय में ही निपटाने के लिए ग्राम पंचायत के सरपंच विरेन्द्र मार्गिया को समझाईश दिया गया। जनपद सीईओ कांकेर डाॅ. कल्पना धु्रव एवं ग्राम पंचायत के सरपंच को धनेलीकन्हार में प्रत्येक बुधवार को ग्रामीण सचिवालय आयोजित करने के निर्देश दिये गये।
कलेक्टर ने भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत भैंसाकन्हार (डू) मंें आयेाजित ग्रामीण सचिवालय का भी आज आकस्मिक निरीक्षण किया तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्कूली बच्चों की जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र, हैण्डपंपों के पेयजल का शुद्धीकरण सहित अन्य गतिविधियों एवं समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि हाईस्कूल संचालित है, लेकिन भवन नहीं है, जिससे परेशानी होती है। कलेक्टर द्वारा हाईस्कूल के लिए भवन निर्माण तथा नदियापारा में सीसी सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान करने की सहमति दी गई। उन्हांेने सामाजिक सुरक्षा पेंशन का हितग्राहियों को भुगतान के लिए बैंक सखी को ग्रामीण सचिवालय में निर्धारित दिवस को उपस्थित रहने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर ने स्कूली विद्यार्थियों के लिए संचालित किये जा रहे मोहल्ला क्लास और मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजनांतर्गत बाजार स्थल में लगाये गये स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया एवं चिकित्सकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। निरीक्षण के समय जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर के उपाध्यक्ष सूनाराम तेता, जनपद सदस्य अंजली ठाकुर, सरपंच हिंसाराम तथा नायब तहसीलदार कोरर अरूणिमा एस.कुमार टोप्पो भी मौजूद थी।