आंधी तूफान और तेज बारिश से प्रभावित क्षेत्र का विधायक नाग ने लिया जायजा
बीती रात करीब 11 बजे तेज बारिश, हवा और बादल के गरजने से नगर पंचायत अंतागढ़ में कई बिजली के खंबे टूट गए और जगह जगह पेड़ गिरकर सड़क भी जाम हो गए। साथ ही साथ नया पारा के वार्ड क्रमांक 1, 2 और 3 के 6-7 परिवारों को इस प्राकृतिक आपदा से काफी क्षति भी प्राप्त हुई। रात भर चली इस बारिश के बाद सुबह होते ही विधायक अनूप नाग अपने काफिले के साथ स्वयं जहां जहां क्षति हुई वहां पैदल घूमकर जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर काम करने को कहा।
इसके बाद विधायक अनूप नाग नया पारा के समस्त वार्डो के प्रत्येक घरों में घूम घूमकर उन्हें किसी भी प्रकार की क्षति या नुकसान हुआ है की नहीं उसके बारे में पता किए और जिन 6-7 परिवारों को क्षति और नुकसान हुआ है उन परिवारों से विधायक ने मिलकर उनके नुकसान के लिए सांत्वना दी और विशेष रूप से तहसीलदार समेत राजस्व अधिकारियों को निर्देश देते हुए पूरे नुकसान का आंकलन कर पीड़ितों के लिए जल्द से जल्द मुआवजा राशि का चेक तैयार करने को कहा। इन पीड़ितों में दिलीप सरकार, दसंतीन नरवास, फगनू यादव, छोटेलाल यादव, चरण सलाम, सदाराम साहू समेत मोहल्ले के नागरिकों ने विधायक अनुप नाग की संवेदनशीलता के लिए उनका आभार प्रकट किया। विधायक नाग ने भी सभी को कहा की आपकी समस्या मेरी समस्या है मेरे परिवार पर किसी भी प्रकार की कोई विपदा आएगी तो मैं मजबूती के साथ मेरे परिवार के साथ खड़ा रहूंगा, साथ ही विधायक ने कहा की आप सभी को अतिशीघ्र मुआवजा राशि का चेक प्रदान किया जाएगा।