नक्सल प्रभावित क्षेत्र में लगी जन चौपाल, विधायक अनूप नाग ने 60 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का किया लोकार्पण
कांकेर जिले के सर्वाधिक नक्सल प्रभावित कोयलीबेड़ा ब्लॉक में जिला प्रशासन ने जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्याओं को सुना. दरअसल कोयलीबेड़ा इलाके के लोगों ने बीते दिनों शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, सुरक्षा संबंधी विभिन्न मांगों को लेकर बड़ी रैली की थी. इस रैली में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुटे थे. उसके बाद जिला प्रशासन ने जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्या को सुनने का फैसला किया था.
जन चौपाल कार्यक्रम में स्थानीय विधायक अनूप नाग, कांकेर कलेक्टर चंदन कुमार समेत जिले के आला अधिकारी उपस्थित हुए. इस दौरान विधायक अनूप नाग ने 60 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया. इस कार्यक्रम में कांकेर कलेक्टर ने कहा कि कोयलीबेड़ा में लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया है.

वहीं अंतागढ़ के विधायक अनूप नाग ने कहा कि उनकी सरकार विकास कार्य करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार कटिबद्ध है. साथ ही उन्होंने कोयलीबेड़ा क्षेत्र में आयोजित ब्लॉक स्तरीय जन चौपाल में कलेक्टर चंदन कुमार के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, रोजगार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी लाने एवं आवेदन के माध्यमों से प्राप्त जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस जनचौपाल से कोयलीबेड़ा ब्लॉक के लोगो की समस्याओं का कार्यक्रम स्थल से निवारण कर लोगो को कृषि यंत्र, वॉटर मशीन, खाद्य, बीज, जाती प्रमाण पत्र, निवास पत्र समेत अन्य कई सरकारी सुविधाओं का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया । उक्त जनचौपाल में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, जिले के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक समेत हर विभाग के अधिकारी कर्मचारी गण मौजूद रहे ।