अजब गजब चोरी, 7 दिन पहले खरीदी नई कार हुई ईंट पर खड़ी, 12 मिनट में चारों टायर की हुई चोरी
पानीपत शहर के सबसे व्यस्त रोड में एक है गोहाना रोड। इसराना, गोहाना और रोहतक की तरफ जाने वाला ये रोड रात को भी सुनसान नहीं रहता। गाडि़यों की आवाजाही लगी रहती है। इसी रोड पर आधी रात के बाद चोर एक नई कार के टायर चोरी कर ले गए। इन चाेरों ने महज 12 मिनट में ही टायर निकाले और अपनी कार में डालकर फरार हो गए।
सीसीटीवी कैमरे में चोरी की घटना रिकार्ड हो गई है। गोहाना रोड पर इस तरह की चोरी से हर कोई हैरानी में पड़ गया है। पुलिस सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
एक हफ्ते पहले साढ़े बारह लाख में खरीदी थी कार
गोहाना रोड पर ललित गोयल का एलके होंडा शोरूम है। उन्होंने पिछले सप्ताह साढ़े बारह लाख में सफेद रंग की वरना कार खरीदी थी। कार शोरूम के बाहर ही खड़ी की थी। दरअसल, ऊपर ही उनका परिवार रहता है। ललित ने बताया कि रात करीब साढ़े तीन बजे काले रंग की एक कार में चोर आते हैं। आते ही उनकी कार के पास पहुंचते हैं। औजारों से कुछ ही मिनटों में टायर निकाल ले जाते हैं। साफ लग रहा है कि ये चोर इस तरह चोरी करने में एक्सपर्ट हैं। क्योंकि सामान्य तौर पर कोई टायर खोलने की कोशिश करेगा तो कम से कम पंद्रह से बीस मिनट तो एक टायर निकालने में ही लग जाएंगे।
ईंटों पर खड़ी कर गए, एक चोर ने निकाले टायर
कार को ईंटों के सहारे खड़ी कर गए। सुबह जब ललित गोयल बाहर निकले तो कार देखकर हैरान रह गए। सीसीटीवी में दिख रहा है कि केवल एक चोर ही 12 मिनट में टायर निकाल लेता है। यानी एक टायर निकालने में उसने महज चार मिनट लिए। टायरों की कीमत करीब 70 हजार होगी।
किशनपुरा में पहले भी हो चुकी चोरी
गोहाना रोड पर ही किशनपुरा पड़ता है। इस एरिया में कार के टायर चोरी करने की घटना पहले भी हो चुकी है। इसके बावजूद चोर पकड़े नहीं जा रहे
फाच्र्यूनर ले गए थे चोर
कुछ दिन पहले सेक्टर 13-17 से चोर एक फाच्र्यूनर चोरी करके ले गए थे। दरअसल, एक युवक अपने दोस्त की गाड़ी लेकर गया था। रात को घर के बाहर खड़ी लेकिन सुबह उठकर देखा तो चोरी हो चुकी थी।