डुमरपानी में पेयजल के पाइप लाइन विस्तार के लिए 12. 37 लाख स्वीकृत
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मांग पर तथा संसदीय सचिव एवं कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शिशुपाल शोरी की अनुशंसा पर कलेक्टर चन्दन कुमार ने आज नरहरपुर विकासखण्ड के ग्राम डुमरपानी के ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पावर पंप से जीआई पाईप लाईन विस्तार के लिए 12 लाख 37 हजार रूपये स्वीकृति प्रदान किये हैं।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.आर. नेताम ने बताया कि ग्राम डुमरपानी के ग्रामीण जनपद सदस्य श्रीमती यमुना देवी सिन्हा, सरपंच श्रीमती मीना मरकाम, वार्ड पंच गणेश नेताम एवं गणेश कोड़ोपी के साथ फ्लोराईडयुक्त पेयजल की समस्या के निराकरण के लिए संसदीय सचिव एवं स्थानीय विधायक शिशुपाल शोरी तथा कलेक्टर चन्दन कुमार से मुलाकात कर इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु पावर पंप से पाईप लाईन विस्तार के लिए अनुरोध किया गया। उनकी समस्या को देखते हुए संसदीय सचिव शोरी की अनुशंसा पर कलेक्टर चन्दन कुमार ने तत्काल 12 लाख 37 हजार रूपये की स्वीकृति जीआई पाईप लाईन विस्तार के लिए दिया है।