गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस
जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय ढंग से आयोजित किया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थाओं में 15 अगस्त को प्रातः 7.30 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य समारोह शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित की जाएगी, जहां पर मुख्य अतिथि प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे ।
स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित करने के संबंध में कलेक्टर चन्दन कुमार की अध्यक्षता में आज बैठक आयोजित की गई, जिसमें उनके द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे गये। मंच का निर्माण लोक निर्माण विभाग करेगा, मंच में गमले, फूल-पौधे इत्यादि की व्यवस्था उद्यानिकी विभाग के द्वारा किया जाएगा, बांस-बल्ली की व्यवस्था वन विभाग करेगी, आमंत्रण पत्र की छपाई जिला पंचायत करेगी। इसी प्रकार अन्य विभागों को भी कलेक्टर चन्दन कुमार ने दायित्व सौंपे । उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किया जाएगा, जिनकी सूची 12 अगस्त तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे, अपर कलेक्टर एस.पी. वैद्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोरखनाथ बघेल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।