news-details

प्रधान आरक्षक व ASI के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु विभागीय पदोन्नति हेतु योग्यता सूची जारी

बस्तर संभाग अंतर्गत आरक्षक से प्रधान आरक्षक पद के लिए आयोजित विभागीय पदोन्नति परीक्षा में 1573 आरक्षकों की योग्यता सूची जारी की गई।

● इसी प्रकार प्रधान आरक्षक से सहायक उप निरीक्षक पद के लिए विभागीय पदोन्नति परीक्षा अंतर्गत 307 प्रधान आरक्षकों की योग्यता सूची जारी की गई।

● योग्यता सूची नाम लाये गये आरक्षक एवं प्रधान आरक्षकों का पदोन्नति पूर्व कोर्स (पी.पी. कोर्स) परिणाम के आधार विभागीय प्रक्रिया अनुसार आगामी दिनों में वास्तविक रिक्त पदों के विरूद्ध पदोन्नति प्रदान की जावेगी।

● सहायक उप निरीक्षक एवं प्रधान आरक्षकों की रिक्त पदों की पूर्ति होने से अपराधों की विवेचना, कानून व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियान इत्यादि पुलिसिंग संबंधित कार्य की गुणवत्ता में सकारात्मक परिवर्तन के साथ-साथ पुलिस बल के सदस्यों का मनोबल एवं उत्साह भी बढ़ेगा।

बस्तर संभाग अंतर्गत जिला बस्तर, दन्तेवाड़ा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा एवं कोण्डागांव में प्रधान आरक्षक व सहायक उप निरीक्षक के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु विभागीय पदोन्नति परीक्षा वर्ष-2021 संपन्न कराई गई। नवीन एस.ओ.पी. 25/2021 एवं पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर द्वारा जारी की गई समय-सारिणी अनुसार पदोन्नति प्रक्रियाओं का पालन करते हुये दिनांक 15.09.2021 से 21.09.2021 तक शारीरिक स्वस्थता परीक्षा का आयोजन किया गया। 05वीं वाहिनी छ.स.बल, जगदलपुर में आयोजित की गई उक्त शारीरिक स्वस्थता परीक्षा में कुल 2978 आरक्षक तथा 308 प्रधान आरक्षक योग्य पाये गए।

शारीरिक स्वस्थता परीक्षा में योग्य पाये गये आरक्षक एवं प्रधान आरक्षकों का दिनांक 26.09.2021 को संभाग के 07 जिला मुख्यालय क्रमशः जगदलपुर, दन्तेवाड़ा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा एवं कोण्डागांव में लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया।

उल्लेखनीय है कि विभागीय पदोन्नति हेतु आयोजित लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले आरक्षक एवं प्रधान आरक्षकों में से बस्तर रेंज अंतर्गत पुलिस अधीक्षकों द्वारा 07 जिलों में क्रमशः जिला बस्तर- 217, दंतेवाड़ा-201, कांकेर-242, बीजापुर-309, नारायणपुर-212, सुकमा-194 एवं कोंडागांव- 198 आरक्षकों की वरिष्ठता अनुसार प्रधान आरक्षक के 1040 प्रत्याशित रिक्त पद के विरूद्ध कुल 1573 आरक्षकों का योग्यता सूची जारी की गई। इसी प्रकार सहायक उप निरीक्षक का पद संभाग स्तरीय होने पर रेंज से सहायक उप निरीक्षक के 222 प्रत्याशित रिक्त पद के विरूद्ध 307 प्रधान आरक्षकों का योग्यता सूची जारी की गई।

उक्त योग्यता सूची में लाये गये आरक्षक एवं प्रधान आरक्षकों का पदोन्नति पूर्व कोर्स (पी.पी. कोर्स) उपरांत रिक्त पदों की पूर्ति उसी क्रम में पदोन्नति दी जायेगी, जिस क्रम में उपयुक्त कर्मचारी का नाम योग्यता सूची में शामिल किया गया है। प्रधान आरक्षक एवं सहायक उप निरीक्षक की वास्तविक रिक्त पदों की पूर्ति हेतु योग्यता सूची की 18 माह अवधि तक अथवा नई योग्यता सूची प्रकाशित होने तक, जो भी पहले हो, प्रभावशील रहेगी।

पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुंदरराज पी. ने बताया कि बस्तर संभाग अंतर्गत विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया अनुसार आगामी दिनों में लगभग 1040 प्रधान आरक्षक एवं 222 सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नति होने से संभाग अंतर्गत अपराधों की विवेचना, कानून व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियान इत्यादि पुलिसिंग संबंधित कार्य की गुणवत्ता में सकारात्मक परिवर्तन के साथ-साथ पुलिस बल के सदस्यों का मनोबल एवं उत्साह भी बढ़ेगा।




अन्य सम्बंधित खबरें