बंदर खा जाते हैं छोटे बच्चों के कान, ग्रामीणों ने की बंदरों को पकड़वाने की मांग
अलीगढ़ में बंदरों की एक टोली ने पिछले तीन महीने से आतंक मचा रखा है. बंदर छोटे बच्चों को अकेला देखकर उन पर हमला कर देते हैं. इलाके के 60 से ज्यादा बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुके हैं. बंदरों के आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं.
दरअसल, नगर निगम क्षेत्र में आने वाले नगला मानसिंह इलाके का यह हाल हो चुका है कि यहां के ज्यादातर छोटे बच्चों पर बंदर हमला कर चुके हैं. आदमखोर बन चुके बंदर छोटे बच्चों को दबोचकर अपने नुकीले दांतों से उनके हाथ-पैर, कान आदि को निशाना बनाते हैं. प्रत्यक्ष दर्शियों की मानें तो बंदर बच्चों को पकड़ने के बाद उनके कंधे पर बैठ जाते हैं और कान खा जाते हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों से शिकायत के बावजूद भी बंदरों को पकड़ने कोई भी नहीं आ रहा है. जानकारी देते हुए ग्रामीणों ने बताया है कि एक-एक बच्चे के इलाज में हजारों रुपये खर्च हो गया है, उन्होंने कहा है हम गरीब लोग हैं मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते हैं आखिर ऐसे में कैसे इलाज करा पाएंगे, ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द बंदर पकड़े जाएं.