IPL में टीम खरीदना चाहते हैं रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण
आईपीएल के 14वें सत्र को खत्म हुए अभी एक-दो हफ्ते ही बीते हैं कि अगले सीजन की तैयारियां भी शुरू हो चुकी है। 2022 सीजन में दो नई फ्रेंचाइजी का होना तय है, जिससे टीमों की संख्या आठ से बढ़कर 10 हो जाएगी।
रिपोर्ट्स की माने तो अडानी, बिड़ला जैसे बड़े कारोबरी ग्रुप के अलावा बॉलीवुड के स्टार कपल दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह भी आईपीएल में टीम खरीदना चाहते हैं। जैसे ही यह खबर दुनिया तक पहुंची तो लोगों ने अपने-अपने अंदाज में मजे लेने शुरू दिए।
कोलकाता नाइटराइडर्स के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने ट्विटर पर एक जोक पोस्ट किया है, उन्होंने लिखा कि रणवीर की मालिकाना हक वाली टीम की जर्सी दिलचस्प होने वाली है, क्योंकि वह अपने अजीबोगरीब ड्रेसिंग सेंस के लिए मशहूर हैं।
दिनेश कार्तिक के उस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ चुकी है। यूजर्स तरह-तरह के ट्वीट्स से रणवीर सिंह का मजाक बना रहे हैं।
इस बीच कपिल देव भी मजाक से नहीं बच पाए। 1983 विश्व विजेता भारतीय टीम पर बन रही फिल्म में रणवीर ही कपिल देव का किरदार निभा रहे हैं। अब हाल ही में सामने आई एक नई एड फिल्म में कपिल देव अजीबोगरीब कपड़ो के साथ रणवीर के लुक में नजर आ रहे थे इसलिए प्रशंसकों ने उन्हें टीम का हेड कोच ही बना दिया।