महासमुन्द: कलेक्ट्रेट में आयोजित किया गया ‘‘ई-मेगा लीगल सर्विस कैंप’’
‘बिलासपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति अरूप कुमार गोस्वामी ने किया कार्यक्रम का वर्चुअल शुभारंभ’
ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश भीष्म प्रसाद पाण्डेय और कलेक्टर डोमन सिंह ने विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की
महासमुन्द: राष्ट्रीय विधिक प्राधिकरण (नालसा ) नई दिल्ली के तत्वावधान एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत अखिल भारतीय जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के अंतर्गत ’मेगा लीगल सर्विस कैम्प’ आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित इस शिविर में ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश भीष्म प्रसाद पाण्डेय, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश लीलाधर सारथी, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, एफ.टी.सी. योगिता, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुपुष्पलता मारकण्डेय, कलेक्टर डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल, जिला विधिक प्राधिकरण के सचिव मोहम्मद जहांगीर तिगाला उपस्थित रहे।इससे पहले सुबह 10.30 बजे वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए बिलासपुर स्थित उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति एवं मुख्य संरक्षक विधिक सेवा प्राधिकरण अरूप कुमार गोस्वामी के मुख्य आतिथ्य में ई मेगा विधिक सेवा शिविर की शुरुआत की गई । मुख्य न्यायाधिपति ने इस मौके पर शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि यह हर्ष की बात है कि वे इस शिविर का हिस्सा बन पाए हैं। उन्होंने संविधान में समान विधिक सेवा सभी नागरिकों को उपलब्ध कराने उल्लेखित अनुच्छेदों का जिक्र किया। निःशुल्क विधिक सेवा सभी नागरिकों का अधिकार है और प्रयास है कि सभी नागरिकों को इसकी जानकारी हो। विधिक जागरूकता लाने में यह ई मेगा विधिक सेवा शिविर काफी सहयोगी साबित हुआ है। उन्होंने इसके लिए सबका धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता न्यायाधीश गौतम भादुड़ी ने
की। उन्होंने इस मौके पर कहा कि ई मेगा विधिक शिविर से सभी जिलों के काफी संख्या
में हितग्राही लाभान्वित हुए हैं। ये जागरूकता शिविर लगाने का उद्देश्य है
कि लोगों को दिए गए हक के प्रति उनको जागरूक किया जा सके। उन्होंने विधिक शिविर के
जरिए जो लाभ लाभार्थियों को दिया गया उसकी जानकारी दी और हर्ष भी जताया कि इससे
राज्य के आठ लाख से ज्यादा लोग लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने इस मौके पर नालसा का
हेल्पलाइन नंबर ’15100’ भी सबके साथ साझा करते हुए सभी जरूरतमंदों को
इसका लाभ उठाने का सुझाव दिया। उन्होंने सबका आह्वान किया कि जिन्हें विधिक
जागरूकता का लाभ मिला वो अन्य को भी इसका लाभ उठाने कहें।
इस वर्चुअल
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर उच्च न्यायालय के न्यायाधिपति संजय कुमार
अग्रवाल और संजय श्याम अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में
राज्यव्यापी ई मेगा विधिक शिविर आयोजित किए जाने पर बधाई दी क्योंकि इसके
जरिए आम लोगों को विधिक सेवाएं उपलब्ध कराई गई और लोगों को संविधान में
उल्लेखित उनके मौलिक अधिकार की जानकारी दी गई। इसके तहत प्रयास रहा कि समान न्याय
लोगों को पहुंचाने सभी जिलों में कार्य किया जाए। इस मौके पर राज्यव्यापी ई मेगा
विधिक शिविर में स्वागत भाषण रजिस्ट्रार जनरल संजय कुमार जायसवाल ने दिया। वर्चुअल
कार्यक्रम के अंत में छत्तीसगढ़ विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव सिद्धार्थ
अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
ज़िला स्तर पर आयोजित
मेगा विधिक सेवा शिविर में उपस्थित ज़िला और सत्र न्यायाधीश भीष्मप्रसाद पाण्डेय ने
अपने उद्बोधन में कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर 2 अक्टूबर से 14 नवंबर तक अभियान
चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य रूप से यह विधिक सेवा शिविर जिला विधिक
सेवा प्राधिकरण ज़िला प्रशासन के सहयोग से आयोजित कर आम लोगों को विधिक सेवाओ के
प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न विधिक और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया
गया। उन्होंने इस मौके पर नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। ज़िला विधिक
सेवा प्राधिकरण से सबको आवश्यक सहयोग सुलभ होने की बात कही।
इस मौके पर कलेक्टर डोमन
सिंह ने कहा कि कल्याणकारी राज्य में जो योजनाएं आम लोगों के लिए बनाई गई हैं, इसका दायरा व्यापक
है। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अनेक सेवाएं हैं जो कि विधिक सेवा प्राधिकरण
के तहत भी है। अतः आम जनों को प्रदाय की जाने वाली सभी विभागीय योजनाएं इसमें शामिल
हैं। इसलिए सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को यह सुविधा और सेवाएं त्वरित पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागीय अधिकारी आम जनों को ऐसी योजनाओं का लाभ
उपलब्ध कराने के लिए जानकारी दे और त्वरित सेवा का लाभ दिलाएं। उन्होंने बताया कि
आज इस शिविर के माध्यम से ज़िले भर के 3781 लाभार्थियों को लगभग 02 करोड़ 50 लाख रुपए से अधिक की
राशि प्रदाय की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग
कुमार पटेल ने इस दौरान पुलिस विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की
जानकारी दी जो कि विधिक सेवा प्राधिकरण के दायरे में आती हैं। पंचायत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास
विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा, राजस्व, आदिवासी विकास विभाग, कौशल विकास, कृषि, श्रम, खाद्य, पशुधन, मछली पालन द्वारा
संबंधित विभाग की हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी इस अवसर पर दी गई। कार्यक्रम
के अंत में आभार प्रदर्शन सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण मोहम्मद जहांगीर तिगाला ने
किया। विदित हो कि आज के शिविर में लाभार्थियों को लाभ का वितरण किया गया। वीडियो
कॉन्फ्रेंस के जरिए ब्लॉक स्तर के अधिकारी और हितग्राही भी कार्यक्रम से जुड़े रहे।