महासमुंद के कोतवाली थाने में IPS उदय पर दर्ज हुई एफआईआर, CID को सौंपी गई जांच डायरी…
महासमुंद से बड़ी खबर आ रही है। यहां के तत्कालीन सीएसपी उदय किरण समेत 2 पुलिसकर्मियों पर FIR दर्ज की गई है. 3 साल बाद उदय किरण के ऊपर FIR दर्ज की गई है. मामला मारपीट से जुड़ा हुआ है. महिला वॉलीबॉल खिलाड़ी की शिकायत पर महासमुंद कोतवाली थाने में FIR दर्ज की गई है.
दरअसल, 19 जून 2018 को खेल मैदान में दो पक्षो में हुए विवाद के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर मारपीट के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी. बाद में मामले में एक्ट्रोसिटी की धारा भी जोड़ी गई थी. दूसरे पक्ष से वॉलीबॉल खिलाड़ी भी FIR दर्ज करवाने पहुंची थी. आरोपों के अनुसार पुलिस ने दूसरे पक्ष का FIR दर्ज नहीं किया. इसके बाद महिला से अश्लील गाली गलौज करने का भी आरोप है.
इस मामले में एडिशनल एसपी मेधा टेंभूरकर ने कहा कि कोतवाली थाना परिसर में महिला खिलाड़ी के साथ दुर्व्यवहार सहित पूर्व विधायक और उनके समर्थकों पर हुए लाठीचार्ज मामले में कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मामला दर्ज किया.
एडिशनल एसपी मेधा टेंभूरकर ने कहा कि तत्कालीन सीएसपी आईपीएस उदय किरण, एसआई समीर डुंगडुंग , कांस्टेबल छत्रपाल सिन्हा सहित अन्य पर धारा 294, 323, 506, 354, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है. अग्रिम विवेचना के लिए डायरी CID को सौंपी गई है.