महासमुंद : सिरपुर में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल द्वारा किया जाएगा मॉक एक्सरसाइज
आजादी के अमृत महोत्सव के समारोह के उपलक्ष्य में देश के 75 प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों पर मॉक एक्सरसाईज का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में आज जिला कार्यालय के महानदी सभाकक्ष में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) थर्ड बटालियन के अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के बीच बैठक आयोजित हुई। इस अवसर पर थर्ड एनडीआरएफ बटालियन, मंडलई कटक (ओड़िशा) के अधिकारीगण राजेश साहू, एम. मोहंती, संदीप कुमार, जिला प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर ओ. पी. कोसरिया, डॉ. नेहा कपूर, डिप्टी कलेक्टर एस.के. टंडन उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि गुरूवार 02 दिसम्बर को ऐतिहासिक स्थल सिरपुर स्थित रायकेरा तालाब में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल द्वारा मॉक एक्सरसाइज का आयोजन दोपहर 12ः00 बजे से की जाएगी। जिसमें जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक, आम नागरिक, आसपास के स्कूलों के शिक्षक, विद्यार्थी तथा एन.एस.एस., स्काउट गाईड के विद्यार्थीगण, पुलिसकर्मी, होमगार्ड, मीडिया कर्मी को उपस्थित होने का आग्रह किया गया है।