महासमुंद : ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए शासकीय एवं निजी स्कूलों में चित्रकारी एवं श्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन 21 दिसम्बर तक
महासमुंद: राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर ब्यूरो ऑफ इनर्जी इफिसीयेंशी (ऊर्जा मंत्रालय भारत सरकार) द्वारा क्रेडा के सहयोग से देश में ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय एवं निजी स्कूलों में छात्र-छात्राओं के लिये चित्रकारी एवं श्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल स्तर पर 21 दिसम्बर तक किया जा रहा है। जिससे बच्चों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े।
क्रेडा के जिला प्रभारी एन.के. गायकवाड़ ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन स्कूल प्रबंधन के सहयोग तथा छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) जिला कार्यालय, महासमुंद द्वारा कराया जा रहा है। प्रतियोगिता के लिए 02 ग्रुप क्रमशः ग्रुप-ए में कक्षा 5 वीं से 8 वीं तक के लिये एवं ग्रुप-बी में कक्षा 9 वीं से 12 वीं तक बनाकर छात्र-छात्राओं का चित्रकारी एवं श्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल स्तर पर किया जाएगा। चित्रकारी प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को क्रमशः पांच हजार, तीन हजार एवं दो हजार रुपए तथा स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी तीन हजार, दो हजार एवं एक हजार रुपए का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
ब्यूरो ऑफ एनर्जी इफिसियंसी (ऊर्जा मंत्रालय भारत सरकार) के निर्देशानुसार चित्रकारी प्रतियोगिता, एवं स्लोगन में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा तथा सर्वश्रेष्ठ चित्रकारी एवं स्लोगन का चयन कर राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए भेजा जाएगा। सभी छात्र-छात्राओं एवं अभिभावक अपने संबंधित विद्यालय से संपर्क करें तथा क्रेडा जिला कार्यालय के दूरभाष नम्बर 93409-99654, 88897-41020 भी संपर्क कर सकते है।