कांकेर के तरंदुल घाट में मिला तेंदुए का शव, शिकार की आशंका
जिले में तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। तेंदुए के मुंह से खून निकल रहा था, ऐसे में शिकार की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग के कर्मचारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृत तेंदुआ नर है और उसकी उम्र करीब 10 साल के आसपास बताई जा रही है। विभागीय अफसर तेंदुए की मौत की वजह तो नहीं बता पा रहे हैं, लेकिन जांच की बात कह रहे हैं। वहीं आशंका यह भी जताई जा रही है कि तेंदुआ पानी या शिकार की तलाश में इस क्षेत्र में आया होगा और सड़क में किसी वाहन से टकरा कर पुल के नीचे गिर गया होगा। समाचार एजेंसी के अनुसार मामला छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की है।
वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार की दोपहर कोरर वन परिक्षेत्र के तरंदुल घाट के नीचे बनोली बीट में तेंदुआ का शव मिला है। राहगीरों ने घाट के एक पुल के नीचे तेंदुए को देखा। पत्थरों के बीच तेंदुआ पड़ा था। राहगीरों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद एक टीम को भेजा गया। वन कर्मियों ने तेंदुए के शव को बरामद किया और उसे कोरर लेकर आए। वन विभाग के अधिकारी पोस्टमार्टम के बाद ही तेंदुए की मौत की सही वजह सामने आने की बात कह रहे हैं। बता दें कि कोरर क्षेत्र के गांवों में तेंदुआ देखे जाने की सूचना लगातार आती रहती है।