सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत, युवकों की बैग से मिली शराब की बोतलें
छत्तीसगढ़ के जांजगीर में 31 दिसंबर को जांजीगर थाना क्षेत्र में बनारी के पास एक सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई है. एक बाइक में सवार तीनों युवक खड़े ट्रक से जाकर टकरा गए. स्पीड ज्यादा होने की वजह से हादसा गंभीर हो गया और तीनों की जान चली गई.
बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक बाइक पर जा रहे थे, इसी दौरान नेशनल हाईवे-49 पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई. युवकों के बैग से पुलिस को शराब की बोतलें मिली हैं. तीनों युवकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है.
जानकारी के मुताबिक, हादसा FCI गोदाम के पास हुआ. वहां पर धान परिवहन के लिए ट्रकों की लाइन लगी हुई थी. बताया जा रहा है कि तीनों युवक जांजगीर से बिलासपुर की ओर जा रहे थे. हादसा होते देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने उनके शवों को जांजगीर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और जांच में जुटी है.