महासमुंद : बदला मौसम का मिजाज, शुरू हुई बारिश
महासमुंद जिले में रविवार को दिनभर हल्के बदला छाए रहे, हालांकि कई जगहों पर दिन में आसमान साफ भी दिखाई दिया। लेकिन आसपास बादल छाए रहने से लोगों ने न्यूनतम तापमान में बढोत्तरी महसूस की, तो शाम में पिथौरा और तेंदुकोना क्षेत्र में कुछ देर तक बेहद हल्की बूंदाबांदी हुई।
उसके बाद देर शाम तक आसमान में बादल छाए रहे। खराब मौसम के बीच अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव तो नहीं हुआ, लेकिन बीती रात को तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने सोमवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने का अनुमान लगाया है। खराब मौसम के बीच आज सुबह से ही बसना में रुकरुक कर बारिश होने लगी है। जिसके कारण फिर एक बार धान खरीदी केन्द्रों में किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पडने की संभावना है। सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के उत्तरी भाग में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि भी संभावित है। विभाग ने अधिकतम तापमान में सार्थक गिरावट होने की भी संभावना जताई है।