दूसरे टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका ने भारत को 135 रनों से हराया
सेंचुरियन: केपटाउन टेस्ट के बाद सेंचुरियन टेस्ट में भी भारतीय बल्लेबाजों के कमजोर प्रदर्शन के कारण टीम इंडिया को 135 रनों से हार का सामना करना पड़ा. मैच के पांचवें दिन भारतीय टीम के सामने जीत के लिए 287 रन का लक्ष्य था लेकिन पूरी टीम पहले सेशन में ही 50.2 ओवर में 151 रन बनाकर शर्मनाक तरीके से आउट हो गई. भारतीय टीम ने आज सुबह जब, चौथे दिन के स्कोर 3 विकेट पर 35 रन से आगे खेलना प्रारंभ किया तो हर किसी को उम्मीद थी कि भारतीय टीम भले ही मैच न जीत पाए लेकिन उसके बल्लेबाज संघर्ष का जज्बा तो दिखाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका.. सेंचुरियन टेस्ट में मिली इस हार के साथ ही भारतीय टीम ने टेस्ट सीरीज गंवा दी है. तीन टेस्ट की सीरीज में भारतीय टीम अब 0-2 से पीछे है. ऐसे में तीसरे टेस्ट का चाहे जो भी परिणाम हो, उसका सीरीज हारना तय है. वैसे भी, शुरुआती दो टेस्ट में मिल हार के बाद टीम इंडिया के सामने अब क्लीन स्वीप से बचने की चुनौती होगी.इस हार के साथ ही विराट कोहली की टीम के लगातार नौ टेस्ट सीरीज जीतने के अभियान पर भी विराम लग गया है.