दुर्ग की 20 वर्षीय आकर्षी इंडिया ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के ... - CG Sandesh

दुर्ग की 20 वर्षीय आकर्षी इंडिया ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंची, महाराष्ट्र की इस बेहतरीन खिलाड़ी को दी मात

दुर्ग: दिल्ली में चल रहे इंडिया ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में रायपुर में ट्रेनिंग ले रही महाराष्ट्र की मालविका बंसोड ने साइना नेहवाल को मात दिया था. अब मालविका के जीत के ठीक दूसरे दिन शुक्रवार को दुर्ग की बैडमिंटन प्लेयर आकर्षी कश्यप ने मालविका बंसोड़ को 21-12, 21-15 से मात दिया है. 20 वर्षीय आकर्षी कश्यप की यह जीत उनके 76 हुए स्थान की रैंकिंग को सुधारने में मदद करेगी. खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ राज्य की एकलौती बैडमिंटन खिलाड़ी आकर्षी ने उस खिलाड़ी को मात दी है जिसने एक दिन पूर्व ही ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल को मात दिया था. इस जीत के साथ आकर्षी इंडिया ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमी फाइनल में पहुंच गई हैं.

आकर्षी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया है. आकर्षी के पापा डाक्टर संजीव कश्यप दुर्ग में ही डर्मेटोलॉजिस्ट हैं. उन्होंने ही आकर्षी को टाइम की वैल्यू बताई. जब से उसने बैडमिंटन खेलना शुरू किया वह रोज उसे सुबह 4 बजे उठाते थे और उसके बाद उसे प्रैक्टिस में लेकर जाते थे. ट्रेनिंग के दौरान भी वह उसके साथ ही रहते थे. बाद में उसकी लगन और प्रतिभा देखकर उसे एडवांस ट्रेनिंग के लिए हैदराबाद भेजा गया.

आकर्षी कश्यप ने 8 साल से बैडमिंटन खेलना शुरू किया था. आकर्षी के साथ हर टूर्नामेंट में उसकी मां जाती हैं. वहां वह उसकी न्यूट्रीशन का पूरा ध्यान रखती हैं. आकर्षी अंडर-15 सिंगल्स में नेशनल चैंपियन, अंडर-17 और 19 सिंगल्स में दो बार नेशनल चैंपियन, खेलो इंडिया में गोल्ड मेडलिस्ट, एशियन गेम्स में गोल्ड मेडलिस्ट, बहरीन इंटरनेशनल चैलेंज में ब्रॉन्ज जीत चुकी हैं. उनके नाम अब तक 50 गोल्ड मेडल, 22 सिल्वर मेडल और 15 ब्रॉन्ज मेडल हैं. अब उनका लक्ष्य है कि वह पेरिस में होने वाले 2024 ओलंपिक गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करें और देश के लिए गोल्ड जीतकर लाएं.


अन्य सम्बंधित खबरें