महासमुंद: फ्लैगशिप योजनाओं को शत-प्रतिशत लक्ष्य अनुसार क्रिय... - CG Sandesh

महासमुंद: फ्लैगशिप योजनाओं को शत-प्रतिशत लक्ष्य अनुसार क्रियान्वित करें - कलेक्टर

महासमुंद: राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं नरवा-गरवा-घुरूवा-बाड़ी, मुख्यमंत्री सुपोषण योजना, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना, वनाधिकार पट्टा, आयुष्मान कार्ड, कोविड-19 टीकाकरण, बूस्टर डोज आदि पर अधिकारी पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करें। उक्त बातें नवदस्थ कलेक्टर श्री निलेशकुमार क्षीरसागर ने आज मंगलवार को यहाँ कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक में कही। उन्होंने जिले के सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को जिन्होंने माह अप्रैल में कोरोना वैक्सीन लगवाई है। वे कोविड की बूस्टर डोज भी लगवाएं। उन्होंने कहा कि जिले के सभी हाट बाजारों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाए और अधिक से अधिक लोगों का स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें जरूरी दवाईयॉ भी उपलब्ध कराई जाए। कलेक्टर ने अपूर्ण निर्माण कार्यों को पहले प्राथमिकता के साथ करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों को पूरी गुणवत्ता से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के महत्वपूर्ण कार्य को दिए गए लक्ष्य के साथ पूरा करें। आयुष्मान कार्ड पंजीयन के लिए छूटे हुए लोगों को उसके फायदें के बारे में जानकारी उपलब्ध कराएं। कलेक्टर ने उपस्थित सभी जिला अधिकारियों से बारी-बारी से परिचय प्राप्त किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिला अधिकारियों के साथ उनकी पहली बैठक थी। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस. आलोक, अपर कलेक्टर डॉ. नेहा कपूर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एन.के. मंडपे, एसडीएम श्री भागवत जायसवाल सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने कहा कि हाल ही में छत्तीसगढ़ में युवाओं को रोजगार दिलाने के मकसद से रोजगार मिशन का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग इसे गम्भीरता और प्राथमिकता दें। सभी विभाग इसकी समीक्षा कर लें तथा कार्ययोजना बनाएं। इसमें गौठान, मत्स्य पालन, कृषि से जुड़े विभाग आदि में रोजगार की गतिविधियां कर सकते है।
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी के लिए राज्य शासन द्वारा समय-सीमा बढ़ाई गई है। जिले के सभी किसानों का धान खरीदी हो जाए यह सुनिश्चित किया जाए। किसानों को धान बेचने में कोई परेशानी या दिक्कत न हो इस बात का खास ध्यान रखा जाए। गौठानों में पैरादान के लिए किसानों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने गौठान के नजदीक रोजगार के संसाधनो को विकसित करने तथा महिला स्व-सहायता समूहों को इस कार्यों से जोडने के लिए विशेष पहल करने की बात कही।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा सीधे मॉनिटरिंग की जाने वाली फ्लैगशिप योजनाओं को शत-प्रतिशत लक्ष्य अनुसार क्रियान्वित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने क्रियान्वयन में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में हुई बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों से योजनाओं में अब तक हुई प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली कठिनाइयों और उन कठिनाइयों को दूर करने के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी ली।
उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में भूमि के आबंटन, व्यवस्थापन, नवीनीकरण सहित धान खरीदी, कार्यों को तेजी से करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को धान को बेमौसम वर्षा से बचाव, धान खरीदी केन्द्रों से लगातार धान का उठाव कराया जाए, बारदानों की आवश्यकता और किसानों को सुविधाओं के लिए समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए। धान के अवैध परिवहन सहित पी.डी.एस. के संबंध में सतर्कता बरतने एवं लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें