महासमुंद: कलेक्टर ने पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत जिला सलाहकार समिति के कार्यों की समीक्षा की
महासमुंद: जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर की अध्यक्षता में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत जिला सलाहकार समिति के कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने सभी कमेटी सदस्यों व अधिकारियों से आग्रह किया कि वे कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम के लिए उचित कदम उठाए और गैर कानूनी भ्रूण व लिंग जांच करने वाले अस्पतालों व डॉक्टरों की सूचना को एकत्र कर साझा करें ताकि ऐसी गतिविधियों को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि प्रसव पूर्व लिंग जांच करवाना कानूनी अपराध है। इस कार्य में अगर किसी अल्ट्रासाउंड केंद्र की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करें। पीएनडीटी एक्ट के तहत कोई भी चिकित्सक लिंग जांच नहीं कर सकता। उन्होंने अधिकारियों को टीम गठित कर समय-समय पर अल्ट्रासाउंड केंद्रों को निरीक्षण करने के निर्देश दिए और कहा कि जहां कहीं पर कोई भ्रूण जांच की शिकायत या संदेह हो तो इस बारे कार्यवाही अमल में लाई जाएं। उन्होंने कहा कि जहां भी कहीं लिग जांच हो रही हो या कोई व्यक्ति इसमें संलिप्तता पाया जाए तो इसके बारे में स्वास्थ्य, पुलिस विभाग को तुरंत अवगत करवाएं। कन्या भ्रूण जांच की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य, पुलिस विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी छापामार कार्यवाही कर दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि बेटियों को बचाना है और पढ़ाना है। जिला में कन्या भ्रूण हत्या पर पूर्णतया पाबंदी लगाने के लिए कमेटी सदस्य व अधिकारी आमजन मानस को जागरूक भी करें। उन्होंने आमजन से अपील की है कि लिंग जांच बारे शिकायत मिले तो तत्काल शिकायत करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने जिलावासियों से भी आग्रह किया कि वे कन्या भ्रूण हत्या से संबंधित मामले की जानकारी जिला प्रशासन, स्वास्थ्य व पुलिस विभाग को तुरंत दें। सूचना देने में नागरिक देरी ना करें।
एक्ट की जिला सलाहकार समिति की बैठक कर नियमो का उल्लंघन कर लिंग जांच करने वाले अल्ट्रासाउंड केंद्रों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। साथ ही लिंग चयन के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाने एवं अस्पतालों में जन्मे शिशुओं के लिंगानुपात की जांच करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस. आलोक, अपर कलेक्टर ओ.पी. कोसरिया, डॉ. नेहा कपूर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एन.के. मंडपे, एसडीएम भागवत जायसवाल सहित अन्य समाजसेवी संगठन के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।