महासमुंद : 66 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण मिले
महासमुंद: एडिप योजनांतर्गत कृत्रिम अंग सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन आज शुक्रवार को जनपद पंचायत सरायपाली में किया गया। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि इस शिविर में 66 दिव्यांगजनों को 122 विभिन्न ज़रूरी कृत्रिम अंग सहायक उपकरण प्रदाय किए गए। इनमें ट्रायसायकल 29 नग, व्हील चेयर 10, एकल ब्रेस 08 नग, बैसाखी 14, श्रवण यंत्र 20, छड़ी 08, रोलेटर 06 एवं एम.आर. किट 07 नग दिव्यांगजनों को वितरण किया गया।
जनपद पंचायत सरायपाली के अध्यक्ष कुमारी भास्कर ने कहा कि जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रयासों से कृत्रिम उपकरणों के लिये दिव्यांगजनों का चयन किया गया है। कृत्रिम उपकरण दिव्यांगनजों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने तथा देश के विकास में योगदान देने का अवसर देता है। इस शिविर में पूरी पारदर्शिता के साथ कृत्रिम उपकरणों का वितरण किया जा रहा है।
इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र चौधरी, जनपद सदस्य गण माधवदास चौधरी, मोहन चौहान, राधा नायक, संजय डड़सेना, धनेश्वर भास्कर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमेश कुमार साहू, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जी.डी. सोनी एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी/कर्मचारी, समाज शिक्षा संगठक, ग्राम पंचायत सचिव गण एवं जनपद पंचायत महासमुंद के कर्मचारीगण उपस्थित थे।