पुलिस अधीक्षक ने थानेदार को उन्ही के थाने में किया कैद, जानें पूरा मामला...
यूपी में पुलिस अधीक्षक ने थानेदार पर सख्त कार्रवाई की है. मिली जानकारी के अनुसार यूपी में छठे चरण के मतदान में सिद्धार्थनगर के शिवनगर डिडई थाना के थानाध्यक्ष पर एक पार्टी के पक्ष में वोट करवाने का आरोप लगा जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते हुए थानेदार को मतदान होने तक थाने से बाहर न निकलने का आदेश दिया.
सिद्धार्थनगर शिवनगर डिडई थाना के थानेदार अभिमन्यु सिंह की शिकायत आयोग तक पहुंची. एसओ पर आरोप है कि वह एक पार्टी विशेष के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए मतदाताओं पर दबाव बना रहे थे. पुलिस अधीक्षक ने शिकायत की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की. मतदान समाप्त होने तक के लिए थानेदार के थाना परिसर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई.
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर डुमरियागंज से सपा प्रत्याशी सैय्यदा खातून ने शिकायत दर्ज कराई कि थानेदार सभी बूथों पर घूम कर एक प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए मतदाताओं पर दबाव बना रहे हैं. इससे चुनाव प्रभावित होने लगा है. मतदाता बूथ पर जाने से कतरा रहे हैं. आयोग के वेबसाइट पर इस क्षेत्र से एसओ के खिलाफ चार शिकायतें पहुंची हैं.