निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर में 123 लोगों ने करायी जांच
जगदलपुर 8 मार्च, कैंसर रोग पर नियंत्रण तथा मरीजों की राहत के लिए महारानी अस्पताल जगदलपुर में जिला एनसीडी(गैर संचारी रोग) इकाई एवं सुषमा विंग्स ऑफ कैंसर सपोर्ट सोसायटी के संयुक्त तत्वाधान में नि:शुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय शिविर में संभावित कैंसर के मरीजों, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह सहित 123 मरीजों की जांच की गई। जांच उपरांत पहचान किए गए मरीजों को आवश्यक परामर्श व उपचार दिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के.चतुर्वेदी ने बताया, "निःशुल्क कैंसर रोग जांच एवं परामर्श शिविर के दौरान चिकित्सकों द्वारा 123 लोगों के विभिन्न प्रकार के कैंसरों की जांच की गयी। जांच उपरांत संभावित मरीजों का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी दी गयी। आगे उन्होंने बताया, सभी के साझा प्रयास से हम कैंसर जैसे गैर संचारी लेकिन गंभीर बीमारी को रोक सकते हैं। हमें कैंसर के लक्षणों को शीघ्र पहचानकर समय रहते उसका इलाज शुरू करवाना चाहिए। कैंसर को लेकर समाज में कई भ्रांतियां इससे निजात पाएं और सीधे डॉक्टर से संपर्क करें या फिर स्वास्थ्य केंद्र व जिला अस्पताल में जाएं। कैंसर पीड़ितों के लिए राष्ट्रीय कैंसर उन्मूलन व नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीडीएस) के तहत मुफ्त कीमोथैरेपी की सुविधा भी जिला अस्पताल में दी जा रही है।
हमारा प्रमुख लक्ष्य कैंसर की रोकथाम और इसकी शीघ्र पहचान करना है जिससे मरीज को समय रहते इलाज मिल सके और ठीक हो सके। कैंसर के ज्यादातर मामलों में मरीजों में इसकी देर से पहचान और देर से इलाज शुरू करवाना होता है ऐसे में विपरीत परिणाम ही मिलते हैं।“
एन.सी.डी. जिला बस्तर के सहायक नोडल अधिकारी डॉ.महेश मिश्रा ने बताया: “महारानी अस्पताल जगदलपुर के कादम्बिनी इकाई में आयोजित निःशुल्क कैंसर परामर्श शिविर में 123 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। इस दौरान संभावित सर्वाइकल कैंसर के 32 लोगों की स्क्रीनिंग की गई जिसमें 1 मरीज में सर्वाइकल कैंसर के लक्षण मिले, जबकि अन्य 32 लोगों के स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग में 1 में इसके लक्षण मिले। वहीं 54 लोगों ने ओरल कैंसर की जांच कराई जिसमे 2 मरीजो मे इसके लक्षण मिले हैं। उन्होंने बताया, शरीर में जब कोशिकाएं असामान्य और अनियंत्रित हो कर विभाजित होने लगती हैं तो यह स्थिति कैंसर की हो सकती है। भ्रांतियों के चलते लोग परामर्श, जांच और उपचार लेने में हिचकिचाते हैं। लक्षण पहचान न होने की स्थिति में समस्या गंभीर हो रूप ले लेती है। भ्रांतियां दूर करते हुये गंभीर स्थिति से जिले वासियों को बचाने के लिये भविष्य में भी इस तरह की निःशुल्क शिविर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा। मंगलवार को आयोजित शिविर में 108 लोगों की ब्लड प्रेशर जांच में 5 मरीज हाइपरटेंशन और शुगर की जांच में 14 मरीज भी मिले । उक्त कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन कोविड-19 गाइडलाइंस का पालन करते हुए किया गया।“
इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.शांति पांडे, डॉ.आर.बी.पी.गुप्ता, डॉ. भँवर शर्मा (रेडिएशन ऑनकोलॉजिस्ट), सुषमा विंग्स ऑफ कैंसर सपोर्ट सोसायटी की अध्यक्ष शशि गुप्ता एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।