बसना : सड़क बनाने खोद दी मौत की खाई ! गाँव का निस्तारी तालाब ... - CG Sandesh

बसना : सड़क बनाने खोद दी मौत की खाई ! गाँव का निस्तारी तालाब हुआ बेकार.

बसना से पदमपुर मार्ग में बनाए जा रहे ओड़िशा सीमा तक के 14.8 किलोमीटर की सड़क में एक निस्तारी तालाब को खोदकर वहां से मुरुम ले जाया गया है. जिसके बाद गाँव का वह तालाब किसी काम का नहीं रह गया है. तालाब में जगह-जगह मौत की खाई खोद दी है है. जिससे किसी भी प्रकार का कोई बड़ा हादसा हो सकता है और किसी की जान भी जा सकती है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार बसना जनपद के ग्राम पंचायत अंकोरी के मुख्य मार्ग में स्थित तालाब का ठेकेदार ने सड़क निर्माण के लिए उत्खनन किया है. जो कि एक निस्तारी है. तालाब में किये गए इस उत्खनन पर सरपंच की ख़ामोशी करोड़ों के भ्रष्टाचार पर प्रश्न उठाती है.

प्रदेश सरकार की महत्त्वकांक्षी योजना नरवा गुरवा और बाड़ी के तहत जल संचय और जल स्त्रोतों के संरक्षण का डंका पुरे देश में बज रहा है, कई गाँव में तालाबों को पुनर्जीवित किया जा रहा है. वहीँ ग्राम पंचायत अंकोरी में ठीक इसके विपरीत तालाब के संरक्षण की छोड़ उसमे उत्खनन करवाया गया है. जिसके बाद तालाब निस्तारी योग्य नही रह गया है.

आये दिन ऐसी कई घटनाएँ सामने आती है जिसमे तालाबों पर उत्खनन करने से वहां बनी गहरी खाई किसी के मौत का कारण बनती है. लेकिन फिर ऐसे होने वाले हादसों से पंचायतें सीख नहीं लेती. और अपने निजी स्वार्थ के लिए ग्रामीणों की जिंदगी खतरे में डालती है. अंकोरी के तालाब में भी मुरुम और पत्थर निकालने के लिए  ऐसे ही कई जगह गहरे गढ़हे खोद दिए गए हैं जहाँ पानी भरने से गहराई का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता और हादसे में किसी की मौत भी हो सकती है.

वहीं जब इस मामले में ग्राम पंचायत अंकोरी के सरपंच से तालाब में किये गए खुदाई के बारें में पूछा गया तो उन्होंने जानकारी दी कि सड़क निर्माण में मुरुम डालने हेतु तालाब को खोदा गया. जहाँ खुदाई के दौरान पत्थर निकलने से उसे और खुदाई कर ले जाया गया. सरपंच का कहना है कि इस खुदाई से ग्रामीणों को कोई आपत्ति नहीं है. परन्तु यह भी सच है कि इस खुदाई से पहले ग्रामीणों से इसकी सहमति नहीं ली गई. ग्रामीणों को इस बात की जानकारी नहीं है. खुदाई के बाद तालाब निस्तारी योग्य नहीं रह गया है. जिसपर सरपंच कहते हैं कि गाँव को तालाब की आवश्यकता नहीं है.  

बसना से पदमपुर मार्ग पर ओड़िशा सीमा तक 14.8 किलोमीटर की बनाये जा रहे सड़क पर बनने से पहले ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने का आरोप लग चूका है.  लगभग 11 मीटर चौड़ी बनाई जाने वाली एक पुल को मात्र 8 मीटर ही चौड़ा बनाया गया है. जिसपर बसना विधायक ने इसकी शिकायत की है. यह पुल आधे से ज्यादा बनकर तैयार हो चूका है. लेकिन इसपर इंजिनियर से लेकर किसी भी अन्य अधिकारी कर्मचारी ने ध्यान नहीं दिया. जिसे देखकर लगता है जानबुझकर इस भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया है.



अन्य सम्बंधित खबरें