भारी मात्रा में नशीली सिरप के साथ महिला गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने एक महिला को भारी मात्रा में नशीली सिरप के साथ गिरफ्तार किया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला लोगों को नशीली कोडिन युक्त सिरप की सप्लाई करती थी.
मोहन नगर पुलिस ने मुखबिर से सूचना मिलने पर 124 नग नशीली सिरप के लिए ग्राहक की तलाश कर रही महिला को गिरफ्तार कर नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
13 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अटल आवास उरला दुर्ग निवासी दुर्गा साहू नशीली दवा बेचने का काम करती है. इतना ही नहीं उसके घर में कार्टून के अंदर बड़ी मात्रा में सिरप रखा हुआ है. वह उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रही थी. इस पर पुलिस ने एक टीम गठित की और मरघट के पास अटल आवास पहुंचकर दुर्गा से पूछताछ की. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने नशीली सिरप बेचना स्वीकार किया. पुलिस ने उसके पास से 100 एमएल की 124 ओमेरेक्स टी कफ सिरप की बोतल जब्त की. 19 हजार 220 रुपए कीमत की इस कफ सिरप को उसने एक खाकी रंग के कार्टून में छिपाकर रखा था.