महासमुंद: कलेक्टर ने वीडियो कॉलिंग के जरिए राजीव गांधी न्याय योजना के हितग्राहियों से की बातचीत
महासमुंद: कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने आज यहां अपने कार्यालय कक्ष से राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना अंतर्गत व्हाट्सएप वीडियों कॉलिंग एवं फोन के जरिए महासमुंद विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बम्हनी, सिरपुर और अछोली के हितग्राहियों से बातचीत की। उन्होंने अछोली के नैनदास सतनामी और ग्राम बिरकोनी के टेकसिंह धुरी से वीडियों कॉलिंग के जरिए अलग-अलग बात की और योजना की पहली किस्त की राशि के बारे में भी जानकारी ली। दोनों हितग्राहियों ने बताया कि उन्हें इस योजना के तहत दो हजार रुपए उनके बैंक खाते में आ गए है।
इसी प्रकार कलेक्टर क्षीरसागर ने ग्राम सिरपुर की शांताबाई धीवर से मोबाइल कॉल के जरिए योजना के किस्त के बारे में जानकारी ली। उन्होंने भी बताया कि उन्हें योजना की राशि दो हजार मिल गई है। कलेक्टर ने सभी हितग्राहियों को बधाई दी और कहा कि वे जानना चाहते है कि शासन द्वारा इस योजना के तहत दी गई राशि सही सलामत उनके खाते में पहुंची है कि नहीं।
राज्य शासन द्वारा जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने की जो पहल की है। उसमें राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के नाम से एक नया अध्याय जुड़ गया है। इस योजना के तहत जिले में 29166 हितग्राहियों को योजना की पहली किस्त की राशि रुपए दो हजार सीधे उनके बैंक खातों में पहुंच गई है। इस योजना के लिए पंजीयन की शुरुआत 1 सितंबर 2020 से हुई थी। जिले में कुल 30503 पात्र हितग्राही है। पहले इस योजना से प्रत्येक परिवार के लिए 6 हजार रुपए प्रतिवर्ष अनुदान राशि दी जानी थी। जिसे बढ़ाकर अब 7 हजार कर दिया गया है।