महासमुंद : विकासखण्ड स्तरीय जन चौपाल शिविर सम्पन्न, कलेक्टर ने कहा ग्रामीण अपनी समस्याओं को बेहिचक अधिकारियों के सामने रखें
कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने शिविर में आए ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कोरोना संक्रमण के कारण काफी लम्बे समय के बाद आज आपके गांव में आपकी जरूरी सुविधाओं और समस्याओं के निराकरण के लिए जिले के विभिन्न विभागों के बड़े अधिकारी उपस्थित है। आप सभी अपनी और अपने आसपास के गांवों के समस्याओं को बताएं। ताकि उनका निराकरण किया जा सके। वैसे विकासखण्ड और ग्रामीण स्तरीय अधिकारी आपकी समस्याओं के समाधान के लिए सदैव मौजूद रहते है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन आप लोगों के लिए हर विभाग में जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। जिसका आप भरपूर लाभ उठाएं। अन्य लोगों को भी इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आप बिना हिचकिचाए अधिकारियों के सामने अपनी या गांव की समस्याएं उनके सामने रख सकते है। आपकी समस्याओं का यथासंभव निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही जिला स्तरीय जन चौपाल शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री एस. आलोक और एसडीएम श्रीमती नम्रता जैन ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ उठाने की बात कही। विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने हितग्राही मूलक योजना और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में ग्रामीणों ने कलेक्टर और संबंधित अधिकारियों को अपने समस्याओं संबंधी आवेदन सौंपे। कुल 38 आवेदन शिविर में मिले। जिसमें विभिन्न मांगों के 29 और शिकायत संबंधी 9 प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
