पति ने डंडे से पीट-पीटकर की पत्नी की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
सरगुजा। जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। पति-पत्नी अपने किसी रिश्तेदार के यहां घूमने गए थे। यहीं किसी बात को लेकर विवाद हुआ तो युवक ने डंडे से पत्नी को इतना पीटा की उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार जसमन राम मांझी (29) अपनी पत्नी रूपनी बाई(26) के साथ लुरैना गांव में रहता है। उसके 2 छोटे बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को पति-पत्नी और रूपनी के पिता गांव में ही किसी रिश्तेदार के यहां घूमने के लिए गए थे। सुबह का वक्त था। इसी दौरान जसमन का उसकी पत्नी से विवाद होने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि जसमन ने डंडे से पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है।
बचाने की कोशिश करते रहे बच्चे
मारपीट के वक्त जसमन के ससुर राम कुमार ने बीच बचाव का भी प्रयास किया। मगर जसमन ने बात नहीं सुनी। उसने अपनी पत्नी को बेरहमी से मारा। वहीं मारपीट में रुपानी के पास उसके दोनों बच्चों ने छुड़वाने की कोशिश की पर जसमन नहीं माना, जिससे बच्चों को भी हल्की चोट आई हैं। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को इस बात की जानकारी दी थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को देर शाम गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आई है।