महासमुंद : कलेक्टर जन चौपाल में मिले 52 आवेदन, कलेक्टर ने समस्या और शिकायतों के निराकरण का दिया भरोसा
महासमुंद : कलेक्ट्रेट के महानदी सभाकक्ष में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित जन चौपाल में कलेक्टर श्री निलेशकुमार क्षीरसागर ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आवेदन के साथ पहुंचे लोगों की समस्या और शिकायतों को पूरी गम्भीरता के साथ सुना। उन्हांेेने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आवेदकों को उनकी समस्या और शिकायतों के निराकरण का भरोसा दिया।
कलेक्टर जन चौपाल में पेयजल, आर्थिक सहायता, आरबीसी 6-4, प्रधानमंत्री आवास, पानी की समस्या सहित अलग-अलग योजनाओं के कार्यों के भुगतान संबंधी, पटवारी शिकायत, प्रधानमंत्री आवास योजना, वनाधिकार पट्टा, भूमि बंटवारा और दिव्यांगों ने ट्राई साईकिल आदि संबंधित समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए। जन चौपाल में कुल 52 आवेदन प्राप्त हुए।
जन चौपाल में पिथौरा विकासखण्ड के ग्राम सावित्रीपुर के हीरालाल ने अभिलेख दुरूस्तीकरण कराने, महासमुंद विकासखण्ड के ग्राम देवरी के पुष्पा कुर्रे, पटेवा के संतराम दीवान एवं नयापारा की शकुन औसर ने अपने करीबियों के प्राकृतिक आपदा में जनहानि होने पर आरबीसी 6-4 के तहत राशि प्रदाय करने, पिथौरा के ग्राम रेवा निवासी चक्रधर पटेल ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि दिलाने, बड़गांव के रमेश चक्रधारी ने फर्द बंटवारा कर खाता विभाजन कराने, ग्राम झिटकी के नीलसिंह दीवान एवं गांधी लाल साहू ने मनरेगा के तहत किए गए कार्यों का मजदूरी राशि भुगतान कराने एवं घुंचापाली के सरपंच ने चंडी मंदिर प्रांगण में बोर खनन करने की अनुशंसा प्रदान करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक, वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद थे।