बसना : सामुदायिक शौचालय में भ्रष्टाचार, बाहर से शानदार, भीतर कुछ भी नहीं... क्या ऐसे ही निरीक्षण कर रहे अधिकारी.
हेमन्त वैष्णव. बसना जनपद पंचायत अंतर्गत एक ऐसा शौचालय देखने को मिला है जो बाहर से शानदार है, लेकिन उसके भीतर कुछ भी नहीं. बाहर से इस शौचालय को देखने पर लगता है कि यह पूरी तरह पूर्ण हो चूका है लेकिन इसके अंदर जाकर स्थिति देखने पर आपको एहसास होगा कि आप किसी सामुदायिक शौचालय नहीं बल्कि एक खंडहर में आ चुके है.
इस शौचालय को देखकर आपको यह भी लगेगा कि केंद्र और राज्य सरकार गाँव के विकास के नाम पर राशि तो दे रही है लेकिन उस राशि का उपयोग सही तरीके से हुआ या नहीं इसको देखने वाला कोई नहीं.
ऐसे ही मामला सामने आया है बसना जनपद के ग्राम पंचायत रंगमटिया का जहाँ बनाया गया सामुदायिक शौचालय बाहार से तो पूर्ण और शानदार दिखाई देता है, लेकिन अन्दर से यह केवल एक खंडहर है.
इसका उपयोग शौचालय को लेकर तो बिल्कूल भी नहीं किया जा सकता बल्कि गर्मी से बचने यहाँ पशु आराम करते दिखाई देते हैं. इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि पंचायत के स्तर पर किये जाने वाले कार्यों में जमीनी स्तर पर अधिकारी किस तरह से निरीक्षण कर रहे हैं. विकास के नाम पर अधुरा निर्माण आम ग्रामीणों को धोखा दे रहा है.
ग्राम पंचायत रंगमटिया के आश्रित ग्राम तिलाईदादर के सामुदायिक शौचालय निर्माण में जमकर भ्रष्टाचार किया गया है. यह सामुदायिक शौचालय स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा व 15 वें वित्त की राशि को मिलाकर ग्राम पंचायत द्वारा बनाया जा रहा है.

बाहर से शानदार दिखने वाले इस शौचालय में अंदर ना ही टॉयलेट सीट है, ना फ्लोरिंग पर टाइल्स. अंदर ना तो नल के कनेक्शन हैं, ना ही दीवाल पर छबाई. यहाँ तक कि टॉयलेट बनाने को लेकर यहाँ गड्ढा भी नही किया गया है.
इस निर्माण की जानकारी के सूचना बोर्ड पर कार्य प्रारंभ तिथि और पूर्ण तिथि का उल्लेख नही किया गया है. जबकि किसी भी भवन आदि को एक निर्धारित तिथि में पूर्ण करने का रहता है.
जानकारी के अनुसार इस निर्माण कार्य में लगभग दो लाख सत्तर हजार रुपये का आहरण किया जा चुका है. 10 माह गुजर चुके हैं और अब तक यह शौचालय केवल बाहर से फोटो खींचने के लायक ही तैयार किया गया है ना कि इसका सही उपयोग करने के लिए.
इस संबंध में ब ग्राम पंचायत के सरपंच किसी भी सवाल का ठीक से जवाब नहीं दे पाए.
वहीं जनपद पंचायत बसना के सीईओ सनत महादेवा भौतिक निरीक्षण के सवाल पर बतलाये कि मेरे द्वारा भौतिक निरीक्षण नहीं किया गया है. लेकिन आपके माध्यम से इस संबंध में जानकारी प्राप्त हुआ है मैं खुद भौतिक निरीक्षण करूंगा और जांच में अगर दोषी पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी.
अब देखना है कि कब तक ग्राम पंचायत रंगमटिया में जनपद के सक्षम अधिकारी भौतिक निरीक्षण के लिए पहुंचते हैं और कब तक अधूरा निर्माण कार्य पूरा होता है और कब तक दोषियों के ऊपर कार्यवाही किया जाता है. हाल ही में बसना जनपद के ग्राम पंचायत दुधिपाली में राजीव गांधी लोकसेवा केंद्र का निर्माण किया गया है. जो लोकार्पण से पहले ही जर्जर हो चूका है और इस मामले में अधिकारी हमेशा रटा रटाया जवाब मैं दिखवाता हूँ जवाब देते सुनाई देते हैं.