महासमुंद : अधिकारियों-कर्मचारियों ने झीरम श्रद्धांजलि दिवस पर नक्सलवाद और हिंसा के विरूद्ध ली शपथ
महासमुंद : झीरम घाटी नक्सली हमले में मारे लोगों व सुरक्षाबल के बलिदानी जवानों की याद में आज बुधवार को पूरे छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद जिले में भी झीरम श्रद्धांजलि दिवस मनाया गया। इस दौरान सभी शासकीय और अर्द्धशासकीय कार्यालयों में इस नक्सल हिंसा के दिवंगतों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण किया गया। साथ ही राज्य को फिर से शांति का टापू बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यालय कलेक्टर, जिला पंचायत, नगरीय निकाय, महिला बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, जल संसाधन, परिवहन विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण, शिक्षा, वन विभाग, मत्स्य पालन विभाग, रोजगार कार्यालय, क्रेडा विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, पाॅलिटेक्निक, आयुर्वेद विभाग सहित सभी कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों ने झीरम श्रद्धांजलि दिवस पर नक्सलवाद और हिंसा के विरूद्ध सभी ने अपने अहिंसा व सहनशीलता की परंपरा को बनाए रखते हुए सभी प्रकार के नक्सलवाद और हिंसा का डटकर विरोध करने की शपथ ली। बता दें कि 25 मई 2013 को हुए झीरम घाटी नक्सल हमले के दिवंगतों की स्मृति में राज्य सरकार ने प्रतिवर्ष 25 मई को झीरम श्रद्धांजलि दिवस के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया है।