पत्नी की लगी नौकरी तो पति को आया गुस्सा, धारदार हथियार से हा... - CG Sandesh

पत्नी की लगी नौकरी तो पति को आया गुस्सा, धारदार हथियार से हाथ को काट दिया

क्या ऐसा हो सकता है कि किसी शख्स की पत्नी नौकरी करने लगे तो वह गुस्सा जाए और पत्नी की कलाई को काटकर हाथ से अलग कर दे? चौंकिए मत, ऐसा ही मामला पश्चिम बंगाल के बर्धमान से सामने आया है. एक महिला को नर्स की नौकरी मिली तो खुश होने के बजाय उसके पति ने उसकी कलाई ही काट डाली.

बर्धमान के केतुग्राम की रहने वाली रेणु खातून को कुछ दिनों पहले अस्पताल में नर्स की नौकरी मिली थी. पत्नी के नौकरी ज्वाइन करते ही पति मोहम्मद शेख पर शक का भूत सवार हो गया. उसे ऐसा लगने लगा कि अगर रेणु नौकरी पर जाने लगी तो उसे छोड़कर चली जाएगी.

उसने दोस्तों संग साजिश रची और सोते वक्त धारदार हथियार से पत्नी की कलाई को दाहिने हाथ से काट दिया. जानकारी की मुताबिक आरोपी ने तकिए से रेणु की बांह दबाकर कलाई काटकर हाथ से अलग किया था.

लहूलुहान रेणु को पहले बर्धमान के एक प्राथमिक चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, फिर हालात नाजुक होते देख उसे दुर्गापुर के प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती किया गया. यहां रेणु का इलाज चल रहा है. वहीं आरोपी पति घटना के बाद से फरार है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अभी तक मोहम्मद या उसके दोस्तों का पता नहीं चल पाया है.


अन्य सम्बंधित खबरें