महासमुंद : कलेक्टर ने दिव्यांग रानू, तोषण एवं मोतीलाल को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदान किया
महासमुंद : जिला मुख्यालय महासमुंद के दिव्यांग रानू पटेल, ग्राम लोहार गांव के तोषण यादव एवं ग्राम मुढे़ना के मोतीलाल सोनवानी को कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने मोटराइज्ड ट्राई साइकिल सौंपी। कलेक्ट्रेट परिसर में उन्हें जन चौपाल के उपरांत मोटराइज्ड ट्राई साइकिल (बैटरी चलित) की चाबी सौंपी। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी पंकज राजपूत, समाज कल्याण विभाग के प्रभारी उप संचालक विजय सिन्हा उपस्थित थे। कलेक्टर ने तीनों से चर्चा कर उनके कामकाज के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने दिव्यांगों को जरूरत और आवश्यकता मुताबिक मोटराइज्ड ट्राई साइकिल का तकनीकी ज्ञान और प्रशिक्षण देने कहा तथा समय-समय पर बैटरी चार्ज और अन्य तकनीक के बारे में जानकारी लेने की बात भी कही।
कलेक्टर के हाथ से ट्राई साइकिल पाकर वे तीनों बहुत खुश हैं। उन्होंने बताया कि अब वह अपने गांव-शहर में कहीं भी आ जा सकते है। पहले आने-जाने के लिए परिजन या किसी व्यक्ति का सहारा लेना पड़ता था। मोटराईज्ड ट्रायसायकल मिल जाने से अब उन्हें आसानी से अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार करनेे और अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर मिला है।
समाज कल्याण विभाग के प्रभारी उप संचालक विजय सिन्हा ने बताया कि तीनों दिव्यांग 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग हैं, इसलिए ऑटोमेटिक ट्रायसायकल समाज कल्याण विभाग द्वारा दी गई है। ताकि वे अपने रोजमर्रा के काम सरलता से कर सकें। उन्होंने बताया कि मोटराइज्ड ट्राई साइकिल (बैटरी चलित) आज कलेक्टर के हाथों से उपलब्ध करायी गयी है ताकि ये अपना रोजगार कर अपना जीवन यापन कर सकें।