news-details

चोरी की वारदात बढ़ी कांकेर एसपी, जज के स्टेनो, क्लर्क के घर हुई चोरी, चार सूने मकानाें से 6 लाख पार

शहर में चोरों ने एक-एक कर चार सूने घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कृष्णानगर निवासी जज के स्टेनों के घर के ग्रिल उखाड़कर चोर घुसे और सोने-चांदी के करीब दो लाख के जेवर लेकर भाग गए। यहीं पास में एसपी के पिता के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया लेकिन यहां से उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ।

तीसरी घटना महुआपारा में हुई, जहां एक व्यक्ति के सूने घर से टीवी व कान का झुमका लेकर चोर भाग गए। चौथी वारदात गंगापुर इलाके में कलेक्ट्रेट में पदस्थ के क्लर्क के सूने घर में हुई। यहां से चोर करीब चार लाख के जेवर व सामान लेकर फरार हो गए हैं। ये सभी घर बीते कई दिनों से बंद थे और सभी रविवार को लौटे तो पता चला।

एक साथ चार चोरियां सामने आने से पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम ने चारों जगह छानबीन की लेकिन उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ। घटना से पुलिसिंग पर भी सवाल उठ रहे हैं। कुल चोरी छह लाख के आसपास की बताई जा रही है।

महुआपारा से टीवी सहित जेवर चोरी, सुराग नहीं
गांधीनगर के महुआपारा निवासी मनोज सिंह परिवार के साथ बाहर गए थे। इसी बीच ताला तोड़कर चोर घुसे और घर से टीवी व कान का एक सोने का झुमका लेकर भाग गए। परिवार रविवार को लौटा तो चोरी के बारे में पता चला। सूचना पर पुलिस पहुंची और आसपास जांच की, लेकिन कुछ सुराग नहीं मिला।

एसपी के पिता के घर में ताला तोड़कर घुसे
कृष्णानगर में ही कांकेर एसपी अंबिकापुर निवासी सलब सिन्हा का मकान है, जहां उनके माता-पिता रहते हैं। वे कुछ दिनों से बाहर गए थे और घर में ताला बंद था। वे सोमवार को लौटे तो घर का ताला टूटा था। यहां से कुछ चोरी नहीं गया। जेवर आदि पहले से नहीं थे। इससे यहां चोरों ने दूसरे सामान को हाथ नहीं लगाया।

क्लर्क के घर में 6 जून को चोरी होने का अनुमान, वारदात कैमरे में कैद
गंगापुर निवासी मंजू सिंह के पति कलेक्टोरेट में क्लर्क हैं। परिवार 3 जून से बाहर था। यहां करीब 4 लाख का जेवर चोरी गया है। परिवार रविवार को लौटा तो पता चला। यहां सीसीटीवी कैमरा लगा है। इसमें 6 जून की रात चोरी होने का फुटेज सामने आया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है।

सभी वारदातों में एक ही गिरोह के शामिल होने की आशंका
जिस तरह से चोरी हुई है, उससे सभी वारदातों में एक ही गिरोह के शामिल होने का पुलिस आशंका जता रही है। हालांकि कृष्णा नगर में चोरों ने ग्रिल उखाड़ा है। बाकी के घरों में ताला तोड़कर अंदर घुसे हैं। सभी जगह से जेवर ही चोरी जाने की बात सामने आ रही है।

बेटी को छोड़ने बिलासपुर शहर सपरिवार गए थे स्टेनो नीरज
कृष्णानगर निवासी नीरज सोनी न्यायालय में स्टेनो हैं। पुलिस ने बताया कि वे परिवार के साथ शुक्रवार को अपनी बेटी को बिलासपुर छोड़ने गए थे। घर पर कोई नहीं था। सामने की ग्रिल तोड़कर चोर अंदर घुसे और पूरे घर को खंगाल दिया। आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर लेकर भाग गए। वे रविवार को लौटे तो चोरी का पता चला। अंदर घुसे तो पूरा घर अस्त-व्यस्त था।

शहर में बढ़ रही चोरियां, सुस्त पुलिसिंग से चोरों के हौसले बुलंद
शहर में चोरी की घटनाएं हर एक-दो दिन के अंतराल में सामने आ रही हैं। दो पहिया वाहन चोरी होने की वारदात तो आम हो गई है। दो महीने पहले घर और दुकानों में हुई चोरियों के आरोपियों को पुलिस ने जिस तत्परता से पकड़ा था, उससे संभावना जताई जा रही थी, इस तरह की घटनाएं अब सामने नहीं आएंगी, लेकिन एक साथ चार चोरियों ने पुलिसिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




अन्य सम्बंधित खबरें