news-details

महासमुंद : पुरातत्व नगरी एवं पर्यटन केन्द्र सिरपुर में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम

स्कूली बच्चों संग आला अधिकारियों ने भी किया योगा

महासमुंद : पुरातत्व नगरी एवं पर्यटन स्थल सिरपुर के सुरंग टीला परिसर में आठवाँ योग दिवस 2022 का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। सैकड़ों स्कूली विद्यार्थियों संग जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के आला अधिकारी सहित कर्मचारियों ने योगा किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल ने हिस्सा लिया।

कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने योग के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि शरीर को चुस्त दुरूस्त और मन को शांत रखने के लिए अब दुनिया भर में काफी लोग योग का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा योग भारत की देन है। दुनियाभर में योग के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए आज के दिन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। आप सभी भी इसे नियमित तौर पर अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।

पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने भी संबोधन करते हुए कहा कि योग करने से शरीर निरोगी तो रहता ही है, शरीर में दिनभर ताजगी भी बनी रहती है। इसे आप दिनचर्या में शामिल करें और अपने आप को फीट रखें। जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल ने भी बच्चों को योगा के हितकारी लाभ बताए। उन्होंने करबो योग रहिबो निरोग की बात कही। कार्यक्रम सबेरे 7ः00 बजे से 8ः00 बजे तक हुआ। कार्यक्रम के अंत में शामिल बच्चों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। आज योगा को लेकर स्कूल बच्चों में खासा उत्साह था। सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।




अन्य सम्बंधित खबरें