महासमुंद : आधार संचालक, ऑपरेटरों को यूआईडीआई के द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के दिए निर्देश
आधार संचालक, ऑपरेटरों को यूआईडीआई के बारे में दिया गया प्रशिक्षण
महासमुंद : जिले में आधार संचालकों, ऑपरेटरों के द्वारा नवीन पंजीयन, सुधार का कार्य निरंतर किया जा रहा है। लेकिन विगत कुछ दिनों में देखा गया है कि जिले के हितग्राहियों के आधार पंजीयन, सुधार की प्रक्रिया उपरांत आवेदन निरस्त होते जा रहे हैं तथा जिले के कई आधार ऑपरेटरों को यूआईडीआई के द्वारा एक अथवा पांच वर्ष के लिए निलंबित भी किया जा चुका हैं।ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर भूपेन्द्र अंबिलकर ने बताया कि जिला प्रशासन एवं चिप्स रायपुर के समन्वय से आधार पंजीयन, सुधार एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं के संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक की अध्यक्षता में विगत दिनों जिला कार्यालय के सभाकक्ष में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें आधार संचालक, ऑपरेटरों को यूआईडीआई के द्वारा दिये गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए केन्द्र का संचालन करने के निर्देश दिए गए थे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संयुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, चिप्स रायपुर एवं यूआईडीआई के प्रशिक्षण दल के द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। जिसमें हितग्राहियो के द्वारा प्रस्तुत आवेदन पत्रों को ध्यानपूर्वक जांच कर त्रुटिरहित आवेदन ही जमा करने, आवेदन पत्र में कांट-छांट या ओव्हर राईटिंग बिल्कुल नहीं करने, आवेदन पत्र में सभी जानकारियां स्पष्ट रूप से अंकित करने, यूआईडीआई के द्वारा जारी चेकलिस्ट अनुसार दस्तावेज आवेदन पत्र के साथ संलग्न करने के दौरान इसकी पुष्टि होने पर ऑपरेटर द्वारा आवेदन ऑनालईन प्रविष्टि करने, आधार सेवा केन्द्र के सुपरवाईजर ही केन्द्र के सत्यापनकर्ता होंगे, जिसके लिए एक समान सील बनाने सहित सभी आधार केन्द्र के सत्यापनकर्ता निर्धारित प्रारूप में सील बनाकर रखने, आवेदन पत्रों एवं दस्तावेज आदि की जांच कर सत्यापित करने के उपरांत ही ऑनलाईन प्रविष्टि करने तथा आधार सेवा केन्द्र में वॉल पेंटिंग, फ्लैक्स, समाचार पत्रों आदि के माध्यम से पर्याप्त प्रचार-प्रसार करने जिससे आस-पास के हितग्राहियों को अपने निकटतम आधार सेवा केन्द्र की जानकारी हो तथा वे उनका लाभ उठा सकें।