news-details

प्रेमी को शराब में जहर मिलाकर पिलाया, शादी के लिए बना रहा था दबाव

छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक लव स्टोरी शादी की बात पर साजिश में बदल गई। गर्लफ्रेंड की सगाई हो गई। उसकी शादी होने वाली थी। लेकिन उसका बॉयफ्रेंड उसे शादी से रोक रहा था। गर्लफ्रेंड नहीं मानी तो बॉयफ्रेंड ने उसे मिलने बुलाया। 

यहां भी उसने गर्लफ्रेंड पर दबाव बनाने की कोशिश की। इस पर गर्लफ्रेंड ने शराब में जहर मिलाया और उसे पिला दिया। जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। फिलहाल युवक जिला अस्पताल में भर्ती है। मामला CSEB चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक का नाम संजय कुमार (31) है, जो शादीशुदा है और एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। कुछ महीने पहले उसका किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। 

इस पर पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई। इस बीच संजय की मुलाकात एक लड़की से हुई। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो प्यार में बदल गई। सब ठीक चल रहा था। इसी बीच लड़की के घरवालों ने उसकी सगाई कहीं और कर दी।

संजय को उसकी सगाई का पता चला तो उसने लड़की को शादी नहीं करने के लिए कहा। प्यार का वास्ता दिया, पर लड़की नहीं मानी। इस पर संजय ने उसे मिलने के लिए इंदिरा स्टेडियम बुलाया। 

संजय साथ में शराब की बोतल व डिस्पोजल लेकर आया। लड़की आई और उसने संजय से कहा कि वो उसके लिए भी कुछ खाने को लाए। आरोप है कि संजय के जाने के बाद लड़की ने उसकी शराब में चूहे मारने की दवा मिला दी।

संजय लौटकर आया और बात करते हुए शराब पीने लगा। कुछ देर में ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह वहीं गिर पड़ा। संजय ने बताया कि उसने लड़की से अस्पताल ले जाने को भी कहा, पर वह नहीं मानी। 

लड़की ने उससे कहा कि अब तेरा समय आ गया है। इसके बाद वो वहां से भाग गई। किसी तरह संजय अस्पताल पहुंचा। इसके बाद उसे याद नहीं। सुबह होश आया तो खुद को जिला अस्पताल के वार्ड में पाया।

संजय ने बताया कि होश में आने के बाद उसने CSEB पुलिस चौकी पहुंची कर शिकायत की। हालांकि उससे चौकी प्रभारी नव साव ने कहा कि पहले इलाज कराओ, कार्रवाई जरूर होगी। फिलहाल युवक का उपचार अभी अस्पताल में जारी है। चौकी प्रभारी नवल साव ने बताया कि एक युवक चौकी आया था। उसने गर्लफ्रेंड के साथ विवाद होना बताया है। जिला अस्पताल चौकी से बयान मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी।




अन्य सम्बंधित खबरें